बड़ौत। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों की वजह से सरकार ने बोर्ड और विश्वविद्यालय की परीक्षा को निरस्त कर दिया है। इसकी वजह से जनपद में लगभग 4.5 लाख विद्यार्थी प्रभावित हुए हैं। विद्यार्थियों को परीक्षा स्थगित होने से पढ़ाई और भविष्य की चिंता सता रही है।
ये बोली मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष
दिगंबर जैन डिग्री कॉलेज में मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. अंशु अग्रवाल का कहना है कि परीक्षा निरस्त हुई है, अभी स्थगित नहीं हुई, ऐसे मेें मन लगाकर पढ़ाई करें तो मेरिट अच्छी जाएगी। परिवार के माहौल को सकारात्मक बनाएं रखने की जिम्मेदारी अभिभावकों की भी है।
ये बोले चिकित्सक---
नगर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. दिनेश बंसल का कहना है कि सरकार ने विद्यार्थियों के जीवन को बचाने के लिए यह निर्णय लिया है। जीवन है तो परीक्षा है। परिस्थितिवश अभी परीक्षा निरस्त हुई, लेकिन पढ़ाई नहीं। इसलिए विद्यार्थी नियमित रूप से परीक्षा की तैयारी करते रहें।
इन बिन्दुओं पर रखें ध्यान तो दूर होगा तनाव-----
1-अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें।
2-शारीरिक ही नहीं बल्कि मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत करने के लिए सकारात्मक सोच बनाएं रखें।
3-प्रतिदिन सुबह आधा घंटा योगाभ्यास अवश्य करें।
4-पंसदीदा म्यूजिक पर डांस करें और किताबें पढ़ें। ऐसा करने से खुशी मिलती है और नकारात्मक विचार हावी नहीं हो पाता।
5-जो प्रश्न अभी तक अभ्यास में छूट गए थे, उनका रिवीजन कर समय का सद उपयोग करें।
6-अभिभावकों की जिम्मेदारी है कि वे बच्चों का ध्यान रखें, उनसे दोस्त की तरह बातचीत करें।