पांच महिलाओं सहित एक दर्जन से अधिक लोग घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
बिनौली। थाना क्षेत्र के गांव रंछाड़ में मंगलवार की रात बच्चों में मारपीट को लेकर एक ही वर्ग के दो पक्षों संघर्ष हो गया। इसमें दोनों पक्षों से पांच महिलाओं सहित एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
रंछाड गांव में मंगलवार की रात रहीसुद्दीन पुत्र शरीफ व हैदर पुत्र इस्लाम के बच्चों की मारपीट हो गई। इसे लेकर दोनों पक्ष भिड़ गए। जमकर लाठी डंडे व धारदार हथियार चले। इसमें अफसाना पत्नी रहीसुद्दीन, अनीस, रहीसुद्दीन, फरमान, मौसम पुत्र शरीफ गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरे पक्ष से हैदर, बाबर, एहसान, खालिद पुत्र इस्लाम, वकीला पुत्री इस्लाम, संजीदा पत्नी हैदर, बबली पत्नी एहसान, सलमा पत्नी खालिद घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने रहीसुद्दीन पक्ष की अफसाना व मौसम की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल भेज दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि अभी किसी भी पक्ष की ओर तहरीर नहीं आई है। फिर भी मामले की जांच की जा रही है। झगड़ा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।