जिले में 70 करोड़ रुपये का लेन-देन प्रभावित
बागपत। वेतन में बढ़ोत्तरी व स्टाफ की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को बैंक कर्मियों ने कार्य से विरत रहकर हड़ताल की। कुछ शाखाएं व एटीएम बंद होने के कारण लोगों को परेशानी हुई। बैंकों की हड़ताल होने के कारण बृहस्पतिवार को जिले में 70 करोड़ रुपये का लेन-देन प्रभावित हुआ।
बृहस्पतिवार को वेतन वृद्धि व बैंकों में स्टाफ तैनात करने की मांग को लेकर बैंक कर्मचारियों ने हड़ताल कर मांगें पूरी करने की मांग की। बैंक कर्मियों की हड़ताल होने के कारण लोगों को लेन-देन में परेशानी हुई। नगर का दिल्ली रोड स्थित एसबीआई का एटीएम, यूनियन बैंक एटीएम व मेरठ रोड पर स्थित केनरा बैंक का एटीएम बंद रहने के कारण लोगों को इधर-उधर दौड़ना पड़ा। जिले की अधिकांश शाखाएं बंद रही। हड़ताल होने के कारण जिले में 70 करोड़ रुपये का लेन-देन प्रभावित हुआ है। एलडीएम प्रदीप थोराट ने बताया कि बृहस्पतिवार को बैंक के लिपिक संवर्ग के कर्मचारी हड़ताल पर रहे और कुछ शाखाएं भी बंद रहीं। जिले में हड़ताल के कारण 70 करोड़ रुपये का लेन-देन प्रभावित हुआ है।