बागपत। प्रबंध समिति के चुनाव की जांच कराने और शिक्षकों व चतुर्थ श्रेणी कर्मियों की पदोन्नति सहित आदि मांगों को लेकर किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को डीआईओएस कार्यालय पर धरना दिया। एक घंटा चली वार्ता के बाद डीआईओएस ने जल्द ही सभी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया।
संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अन्नु मलिक ने कहा कि माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से प्रबंध समिति के विवाद में शिक्षकों व चतुर्थ श्रेणी कर्मियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। यदि कोई शिक्षक समस्या लेकर जाता है तो उसका निस्तारण नहीं किया जाता है। उन्होंने डौला, अमीनगर सराय, दोघट, बिजवाड़ा, बड़ौत, किशनपुर बराल, बुढ़सैनी, बालैनी के इंटर कॉलेज की दो वर्षों में भंग हुई प्रबंध समिति के चुनाव की जांच कराने, शिक्षकों और चतुर्थ श्रेणी कर्मियों की पदोन्नति करने, जिले में एनपीएस व्यवस्था सही करने की मांग उठाई।
इसके अलावा एकल संचालन वाले विद्यालय में प्रबंध संचालक लगाने, प्रबंध समिति के विवाद में प्रधानाचार्यों व शिक्षकों का वेतन न रोकने, आउट सोर्सिंग पर रखे गए कर्मियों का वेतन दिलाने की मांग रखी गई। शिक्षकों के रिक्त पदों पर नियुक्ति करने, जिन विद्यालयों में शिक्षकों नहीं हैं, वहां मानदेय पर शिक्षक रखने और स्नातक बेरोजगारों को प्रति माह रोजगार भत्ता देने सहित आदि मांगों को पूरा करने के लिए डीआईओएस से वार्ता की।
एक घंटा चली वार्ता के बाद मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया, मगर मंगलवार को दोबारा वार्ता होगी और मेरठ से संयुक्त निदेशक भी आएंगे। वहीं भाकियू के जिला प्रवक्ता हिम्मत सिंह ने भी पहुंचकर धरने को समर्थन दिया। इस दौरान जिलाध्यक्ष कालूराम हिलवाडी, परवेज अहमद, अभिषेक त्यागी, नीरज अरोड़ा, दीपक शर्मा, नवीन मलिक, योगेंद्र मलिक व आकिल राजपूत आदि मौजूद रहे।