फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Baghpat News: सफाईकर्मियों की हड़ताल से शहर में 18 टन कूड़ा पड़ा, बदबू से लोग बेहाल

विज्ञापन
विज्ञापन
बागपत। शहर में नगर पालिका के सफाई कर्मियों की तीन दिन से चल रही हड़ताल के कारण रविवार तक करीब 18 टन कूड़ा जमा हो गया। बाजारों व मुख्य सड़कों के किनारे से कूड़ा नहीं उठने पर वह सड़ने लगा और बदबू के कारण लोग बेहाल हो गए। सफाईकर्मियों ने सफाई नायक सतीश कुमार का निलंबन रद्द करने, कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने और ईओ का तबादला होने के बाद ही हड़ताल खत्म करने की बात कही है।
विज्ञापन

सफाई नायक सतीश कुमार को निलंबित करने, पीएफ और वेतन में कटौती करने के विरोध में शुक्रवार को ठेका सफाईकर्मियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी थी। सफाई नायक सतीश कुमार ने ईओ और कंपनी के अफसरों पर सफाईकर्मियों को हटाने का दबाव बनाने और ऐसा नहीं करने पर निलंबित करने का आरोप लगाया था। सफाईकर्मियों की तीन दिन से लगातार हड़ताल के कारण सफाई नहीं होने से शहर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। ठेका कंपनी भी शहर में सफाई नहीं करा पा रही। उधर, हड़ताल के बाद पालिका के अफसरों ने वेतन और पीएफ में कटौती की समस्या का समाधान कराने का दावा किया, लेकिन सफाईकर्मी ईओ को हटाने और कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने की मांग पर अड़ गए। सफाईकर्मियों के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को एसडीएम अमरचंद वर्मा व ईओ केके भड़ाना से वार्ता की, लेकिन समाधान नहीं हो सका। इस मामले में राष्ट्रीय वाल्मीकि क्रांतिकारी मोर्चा के जिलाध्यक्ष और सफाई नायक सतीश कुमार, नगराध्यक्ष नवीन कुमार ने कहा कि मागें पूरी होने तक हड़ताल जारी रहेगी।
-
गंदगी से व्यापारी परेशान और कारोबार भी प्रभावित
-बाजार में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं और संक्रामक बीमारियों के डर से ग्राहक भी बाजार में आने से बच रहे हैं। पिछले तीन दिन से कारोबार काफी प्रभावित हो गया है। इस समस्या का जल्द कोई समाधान होना चाहिए। -सूर्य प्रताप, दुकानदार
विज्ञापन

-बाजार में गंदगी से बदबू फैली हुई है। इस वजह से ग्राहक भी कम ही आ रहे हैं। सफाईकर्मियों की जो भी समस्या है। पालिका के अधिकारी उनसे वार्ता कर हड़ताल समाप्त कराकर सफाई कराएं। -सचिन गर्ग, दुकानदार।
गृहिणी भी हो चुकी हैं परेशान
पिछले तीन दिन से घर से कूड़ा लेने के लिए गाड़ी भी नहीं आ रही, इसकी वजह से घर में कूड़ा इकट्ठा हो गया। दो दिन का कूड़ा खुद ही दूर जाकर फेंकना पड़ा। इससे परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। -ज्योति चौधरी
गली में सफाई नहीं हो रही और कूड़ा गाड़ी नहीं आने से घरों में महिलाओं की परेशानी बढ़ गई है। आसपास कूड़ा घर नहीं होने के कारण दूर जाकर कूड़ा डालना पड़ रहा है। जल्द ही सफाई व्यवस्था कराई जाए। -शालू शर्मा
संविदा और स्थाई सफाईकर्मी भी हड़ताल में शामिल



बागपत। हड़ताल पर गए ठेका सफाईकर्मियों ने संविदा और स्थाई सफाईकर्मियों के साथ वार्ता की। वार्ता के बाद संविदा और स्थाई सफाईकर्मियों ने भी हड़ताल का समर्थन किया। साथ ही सोमवार से हड़ताल में शामिल रहने का एलान कर दिया। इससे शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाएगी। सागर, संदीप, सोनदेई, बिल्लो, माला, लता समेत अन्य ने कहा कि वह भी हड़ताल में शामिल रहेंगे।

वर्जन- हड़ताल पर बैठे सफाईकर्मियों से वार्ता चल रही है। सोमवार की सुबह शहर में सफाई करा दी जाएगी। इसके लिए कंपनी को कड़े निर्देश दिए गए हैं। -केके भड़ाना, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका बागपत
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें