बागपत में दुकान के बाहर घटना की जानकारी देते दुकानदार
- फोटो : BAGHPAT
दुकानदार, उसके भाई पर हमला, ग्राहक का भी सिर फोड़ा
बकरीद के लिए कपड़ों की खरीदारी करने पहुंचे थे आरोपी
कोतवाली पर दोनों पक्षों का हंगामा, पुलिस ने लाठी फटकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। बड़ा बाजार में मंगलवार देर रात बकरीद के लिए कपड़ों की खरीदारी करने पहुंचे कुछ लोगों ने उधार के रुपये मांगने पर एक व्यापारी और उसके भाई पर हमला कर दिया। एक ग्राहक का भी सिर फोड़ दिया गया। विरोध करने पर पथराव भी किया गया। दोनों पक्षों के लोग थाने पर एकत्र हो गए और हंगामा किया। पुलिस ने लाठी फटकार कर भीड़ को तितर-बितर किया। पुलिस ने तीनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया है।
नगर निवासी आजाद ने बताया कि उसकी बड़ा बाजार में खान रेडिमेड के नाम से दुकान है। मंगलवार रात बकरीद पर्व पर अपने भाई समीर के साथ दुकान पर था। बताया कि दो साल पहले उससे कुछ लोगों ने 20 हजार रुपये के कपडे़ खरीदे थे। इसी दौरान उक्त लोग दोबारा उसकी दुकान पर कपड़े खरीदने पहुंचे। इस पर उसने पूर्व के उधार का तगादा कर दिया। आरोप है कि इससे गुस्साए लोगों ने अपने परिवार व साथियों के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया। उसके भाई को भी बेरहमी से पीटा। कपड़े खरीदने आए जीशान का ईंट मारकर सिर फोड़ दिया। उसकी दुकान में पथराव भी किया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत किया और तीनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। पीड़ित कोतवाली पहुंचा और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इसी दौरान दोनों पक्षों के अन्य लोग थाने पर एकत्र हो गए और हंगामा करने लगे। पुलिस ने लाठी फटकारी और भीड़ को तितर-बितर किया। कोतवाली प्रभारी एनएस सिरोही का कहना है कि मामले में जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।