बिनौली। फजलपुर सुंदरनगर गांव में रविवार शाम गाली-गलौज को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच लाठी-डंडे चल गए। इस घटना में दोनों पक्षों के कुल पांच लोग घायल हो गए और ग्राम प्रधान सुधीर राजपूत की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
फजलपुर सुंदरनगर गांव निवासी संदीप ने बताया कि वह प्रधान सुधीर राजपूत की गाड़ी चलाता है। रविवार शाम अपने घर के बाहर गाड़ी खड़ी करके अंदर चला गया। इसी बीच गांव के दो युवक घर के बाहर आकर गाली-गलौज करने लगे। मां कुनतेश ने विरोध किया तो वहां विवाद हो गया। इसके थोड़ी देर बाद दोनों युवक अपने परिवार वालों के साथ लाठी-डंडे लेकर घर में घुस गए और हमला कर दिया। इसके बाद घर के बाहर खड़ी प्रधान की गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी। मारपीट में एक पक्ष से संदीप, अजय और दूसरे पक्ष से विजयपाल, नीरज, सुरेंद्र घायल हो गए। दोनों पक्षों ने थाने पर एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इस मामले में जांच अधिकारी राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखकर सत्यता का पता लगाया जा रहा है। इसमें जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-प्रधान ने जान का खतरा बताकर तहरीर दी
फजलपुर सुंदरनगर गांव के प्रधान सुधीर राजपूत ने भी थाने में तहरीर दी। उन्होंने गाड़ी में तोड़फोड़ करने वालों से जान का खतरा जताया। साथ ही गाड़ी में तोड़फोड़ के मामले में कार्रवाई की मांग की।