छह की रिपोर्ट मेरठ लैब से आई पॉजिटिव, बुधवार का आंकड़ा 13 पर पहुंचा
हर ब्लाक पर शुरू हुए स्टेटिक बूथ पर लक्षण दिखने पर स्वेच्छा से करा सकेंगे जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिले में बुधवार को 13 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इनमें सात लोग वे शामिल है, जिनका बुधवार से हर ब्लॉक स्तर पर शुरू किए गए स्टेटिक बूथ में एंटीजन टेस्ट कराया गया। इसके अलावा छह की रिपोर्ट मेरठ मेडिकल कॉलेज से पॉजिटिव आई है। सीएमओ ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से संचालित होने वाले स्टेटिक बूथों पर लोग स्वेच्छा से जांच करा सकेंगे। एंटीजन से कोरोना जांच होगी।
जुलाई माह में जिले में 16 हजार से अधिक एंटीजन टेस्ट किए जा चुके है। बढ़ते हुए कोरोना संक्रमण को रोकने तथा अधिक से अधिक जांच कराने के लिए अब प्रत्येक ब्लॉक में स्टेटिक बूथ खोले जा रहे है। इन बूथ पर कोरोना के लक्षण मिलने पर मरीज स्वेच्छा से अपना टेस्ट करा सकते है। प्रत्येक बूथ पर दो लैब टेक्नीशियन तैनात किए गए है। सीएचसी प्रभारी बूथ पर लोगों की जांच के लिए अपने अनुसार समय निर्धारित कर लोगों की जांच करेंगे। सीएमओ डॉ आरके टंडन ने बताया कि जिले के बड़ौत ब्लॉक में पट्टी चौधरान, बागपत में ठाकुरद्वारा मोहल्ला, बिनौली में सीएचसी, छपरौली में सीएचसी तथा खेकड़ा में पीएचसी तथा पिलाना ब्लॉक में पिलाना सीएचसी पर स्टेटिक बूथ शुरू कराए गए है। पहले दिन स्टेटिक बूथों पर की गई जांच में सात लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इसके अलावा छह की रिपोर्ट मेरठ मेडिकल कॉलेज से पॉजिटिव आई है।
बागपत सीएचसी प्रभारी डॉ विभाष राजपूत ने बताया कि स्टेटिक बूथ पर टेस्ट कराने वाले मरीज में कोरोना के लक्षण मिलने पर मानकानुसार होम आइसोलेट कराया जाएगा। मानक पूरे न होने पर उसे अस्पताल में शिफ्ट कराया जाएगा।
जांच के लिए बूथों पर 56 पहुंचे लोग
बागपत। सीएमओ डॉ आरके टंडन ने बताया कि बुधवार को जिले भर में लगभग 900 एंटीजन टेस्ट किए गए। इनमें से स्टेटिक बूथ पर पहले दिन 56 लोगों ने स्वेच्छा से अपनी जांच कराई। इनमें बागपत में 12, छपरौली में 39, बड़ौत में पांच लोगों ने बूथ पर आकर स्वेच्छा से अपनी जांच कराई।