रमाला में चोरों ने समेटा नगदी, जेवरातI
- फोटो : amar ujala
बागपत के रमाला गांव में बृहस्पतिवार की रात चोरों ने परिवार के लोगों को नशीला पदार्थ सुंघाकर तीन घरों को खंगाला और नगदी, जेवरात समेत दस लाख रुपये का सामान समेट ले गए। शुक्रवार सुबह सूचना पर सीओ रमाला पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली। इस संबंध में मकान मालिक ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बृहस्पतिवार की रात चोर ब्रह्मपाल पुत्र जिले सिंह के मकान में दीवार फांदकर घुसे। सोए हुए परिजनों को नशीला पदार्थ सुंघाकर चोरों ने घर से रखी 15 हजार रुपये की नगदी, 10 तोले सोने के जेवरात, पांच तोले चांदी समेत कीमती सामान समेट लिया। इसके बाद चोर बलजोर पुत्र जिले सिंह के मकान में भी दीवार फांदकर घुसे और यहां से पांच हजार रुपये की नगदी, पांच तोले सोने के जेवरात, चांदी के सिक्के और अन्य कीमती सामान समेट लिया।
यहां से चोर गांव के ही संजीव पुत्र वीरेंद्र के मकान में घुसे और परिजनों को बेहोश कर 70 हजार रुपये की नगदी, पांच तोले सोने के जेवरात और अन्य सामान लेकर फरार हो गए। परिजनों की शुक्रवार की सुबह आंख खुली तो घरों के ताले टूटे और बिखरा सामान देख उनके होश उड़ गए। तीन घरों में चोरी की घटना से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया। सूचना पर सीओ रमाला राजवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली। इस संबंध में संजीव पुत्र वीरेंद्र ने चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।