बागपत जिले के किशनपुर बराल स्थित पेट्रोल पंप पर डीजल लेने के लिए लगी किसानों के ट्रेक्टरों की कता
- फोटो : BAGHPAT
बागपत/बड़ौत/अग्रवाल मंडी टटीरी/रमाला। दाम बढ़ने की अटकलों के साथ रविवार को पेट्रोल पंपों पर डीजल लेने के लिए लोगों की कतार लगी रहीं। लोग डीजल का स्टॉक करने में लगे हैं। वहीं, कुछ निजी पेट्रोल पंप संचालकों ने भी डीजल का स्टॉक करना शुरू कर दिया है।
रूस व यूक्रेन के बीच युद्ध के कारण अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत बढ़ रही है। जिससे लोगों को कीमतें बेहताशा बढ़ने की चिंता सताने लगी है। चुनाव के बाद डीजल और पेट्रोल की कीमत में 10 से 15 रुपये की बढ़ोतरी की अटकलें तेज हो गई हैं। इसके चलते नगर से लेकर देहात तक पेट्रोल पंप से डीजल खरीदने के लिए लोगों की लाइनें लग रहीं। पिछले दो दिन में पेट्रोल व डीजल की डेढ़ गुणा बिक्री बढ़ गई है। किसान डीजल का स्टॉक लगाने में जुटे हैं। रविवार को बागपत में दिल्ली रोड स्थित पेट्रोल पंप के अतिरिक्त अग्रवाल मंडी टटीरी, बड़ौत, रमाला समेत कई जगह डीजल की खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ लगी रही। वहीं, कुछ पेट्रोल पंप संचालक भी स्टॉक लगाने में जुटे हैं। जिसके चलते ग्राहकों को लौटाया जा रहा है।
लोगों को तेल के दाम सौ के पार पहुंचने की आशंका
कच्चे तेल की कीमत बढ़ने से लोगों को आशंका है कि चुनाव के बाद डीजल व पेट्रोल के दाम बढ़ा दिए जाएंगे और इस बार यह सौ के पार पहुंच जाएंगे। फिलहाल डीजल का दाम 86.74 रुपये प्रति लीटर है और 10 से 15 रुपये डीजल के दाम बढ़ने की अटकलें लगाई जा रही हैं। जिससे लोग डीजल का स्टॉक करने की जुगत में हैं।
पेट्रोल पंपों पर बढ़ गई बिक्री
डीजल की कीमत बढ़ने को लेकर चल रही अटकलों के कारण पंपों पर बिक्री डेढ़ गुणा बढ़ गई है। अमीनगर सराय में पेट्रोल पंप के मालिक धीरज उज्ज्वल ने बताया कि उनके तीन पंप पर करीब 25 हजार लीटर डीजल की बिक्री होती थी। यह अब बढ़कर 75 हजार लीटर तक हो गई है। वहीं, अग्रवाल मंडी टटीरी में पेट्रोल पंप मालिक राकेश कुमार ने बताया कि उनके यहां आठ हजार लीटर तक डीजल की बिक्री होती थी। अब 18 हजार लीटर तक हो रही है। आदर्श नंगला में पेट्रोल पंप संचालक प्रशांत मान ने बताया कि जहां अभी तक छह हजार लीटर डीजल की बिक्री हो रही थी, अब 16 हजार तक हो रही है। बिनौली रोड स्थित पेट्रोल पंप के संचालक शिवेन्दू का कहना है कि डीजल की बिक्री दो गुणा तक बढ़ गई है।