बागपत। कलक्ट्र्रेट सभागार में मंगलवार को सीएम डैश बोर्ड को लेकर बैठक हुई। डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने डीसीओ व बीएसए को विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि देने, जिला कृषि अधिकारी, लोनिवि अधिशासी अभियंता सहित कई अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यों में सुधार नहीं आने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी।
उन्होंने कहा कि कई विभागोंं की गुणवत्ता ज्यादा खराब होती जा रही है। चेतावनी देने के बाद भी कार्य में सुधार नहीं हो रहा है। इसकी वजह से सीएम डैश बोर्ड में रैंकिंग खराब होती जा रही है। उन्होंने बीएसए को गौरीपुर के विद्यालय में मिड डे मील की गुणवत्ता खराब मिलने पर और उस पर कोई कार्रवाई न करने पर नाराजगी जताते हुए विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने के निर्देश दिए।
बकाया गन्ना भुगतान न करने में रैंकिंग खराब आने पर जिला गन्ना अधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टि देने, पशुपालन विभाग, पंचायत राज विभाग को कारण बताओ नोटिस, जिला कृषि अधिकारी, लोनिवि अधिशासी अभियंता का वेतन रोकने के निर्देश दिए। डीएम ने ग्राम पंचायत में अब तक हुए कार्यों का लेखा-जोखा पंचायत घर पर या सुलभ स्थल पर प्रकाशित करने के निर्देश दिए। इस दौरान एडीएम पंकज वर्मा, सीडीओ नीरज कुमार श्रीवास्तव, एसडीएम अमरचंद वर्मा, भावना सिंह, डीडीओ अखिलेश कुमार चौबे मौजूद रहे।