चांदीनगर के सरफाबाद गांव में किसानो की समस्या सुनते अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
हिंडन नदी किनारे शरफाबाद की विवादित भूमि का खेकड़ा तहसीलदार दीपक कुमार ने टीम के साथ निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि जिसने गेहूं की फसल की बुवाई की है वहीं काटेगा।
उसके बाद जब तक विवाद समाप्त नहीं हो जाता तब तक खेत में फसल की बुवाई नहीं होगी।
शरफाबाद गांव में हिंडन नदी के पास स्थित भूमि पर विवाद चल रहा है। उस जमीन पर शरफाबाद के नाजर व बाबू अपना-अपना दावा कर रहे हैं। वे दोनों ही खेत में फसल की बुवाई करते हैं। वहीं, दूसरी ओर नेकपुर गांव निवासी मेजर जमीन को अपना बता रहे हैं। यह विवाद लंबे समय से चल रहा है।
तहसील प्रशासन की टीम जमीन की पैमाइश कर चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। फिलहाल नाजर व बाबू ने गांव के ही फरियाद को जमीन बटाई पर दे रखी है। उसने गेहूं की फसल बो रखी है। मेजर ने जमीन अपनी बताते हुए फरियाद को फसल काटने से रोक दिया। इस शिकायत तहसील में की गई।
खेकड़ा तहसीलदार दीपक कुमार शनिवार को जांच करने के लिए कानूनगो और पटवारी के साथ शरफाबाद पहुंचे। उन्होंने जमीन का निरीक्षण किया। तहसीलदार दीपक कुमार ने कहा कि जमीन पर फसल फरियाद ने बोई है उस फसल को फरियाद ही काटेगा। उसके बाद जमीन की पैमाइश कराकर विवाद निपटा दिया जाएगा। जब तक विवाद नहीं खत्म होगा।
तब तक कोई भी पक्ष विवादित जमीन पर फसल की बुवाई नहीं करेगा।