बीच में रोका समाधान दिवस, मायूस लौटे फरियादी
सदर तहसीलदार, सीएमओ के रसोइये सहित कुल 11 कोरोना पॉजिटिव मिले
जिले में 19 से 30 नवंबर तक चलेगा विशेष कोविड जांच अभियान
अमर उजाला ब्यूरो
बागपत। सदर तहसीलदार प्रसून कश्यप के कोरोना पॉजिटिव आते ही मंगलवार को समाधान दिवस रोक दिया गया। समाधान दिवस में आए फरियादी मायूस होकर लौट गए। वहीं जिले में बढ़ते संक्रमण को देखते हुए 19 से 30 नवंबर तक कोविड जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
तहसीलदार प्रसून कश्यप तबीयत खराब होने पर खुद ही सीएचसी टेस्ट कराने पहुंचे थे। एंटीजन किट से टेस्ट किया गया। सुबह करीब सवा 11 बजे उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव होने की जानकारी मिली। तब तक डीएम शकुंतला गौतम की अध्यक्षता में समाधान दिवस शुरू हो चुका था। डीएम, एसपी समेत अन्य अधिकारी आमजन की फरियाद सुन रहे थे। जानकारी मिलते ही समाधान दिवस रोक दिया गया।
डीएम शकुंतला गौतम ने प्रभारी सीएमओ डॉ. भुजवीर सिंह, सीएचसी अधीक्षक डॉ. विभाष राजपूत और नगरपालिका के ईओ ललित आर्य को तहसील सैनिटाइज कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा 24 घंटे के लिए तहसील आम लोगों के लिए बंद कर दी गई। स्वास्थ्य विभाग ने कैंप लगाया। कांटेक्ट ट्रेसिंग के दौरान दो अन्य कर्मचारी भी पॉजिटिव पाए गए। प्रभारी सीएमओ डॉ. भुजवीर सिंह ने बताया कि मंगलवार को 1535 टेस्ट कराए गए। इनमें 11 पॉजिटिव आए हैं। सात पॉजिटिव एंटीजन टेस्ट से हैं, जबकि चार आरटीपीसीआर से हैं। अस्पताल से 18 लोगों को ठीक होने पर छुट्टी दे दी गई।
26 को स्कूलों में टीचर और स्टाफ की होगी सैंपलिंग
जिले में 19 से 30 नवंबर तक कोविड जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। 25 को स्ट्रीट वेंडर, सब्जी-रेहड़ी वालों की जांच होगी। 26 को स्कूलों में टीचर और स्टाफ की सैंपलिंग होगी। सरकारी कार्यालयों में 27 को कर्मचारियों की जांच होगी। 28 से 30 नवंबर तक बाजारों में अभियान चलाया जाएगा।