वरिष्ठ कोषाधिकारी और दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल की कोरोना से मौत
तहसीलदार बागपत और उनका पांच साल का बेटा कोरोना पॉजिटिव
पहले से अस्पताल में भर्ती डिप्टी सीएमओ डॉ. यशवीर सिंह की पत्नी और दोनों बेटे भी संक्रमित
खेकड़ा के इंस्पेक्टर रहे पुलिस लाइन भेजे गए अनिल सिंह भी संक्रमित
तहसीलदार के संक्रमित मिलने के बाद बीच में ही रोका गया समाधान दिवस
अमर उजाला ब्यूरो
बागपत। जिले के वरिष्ठ कोषाधिकारी डॉ. देवानंद राम और दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल बिनौली निवासी मनोज धामा की कोरोना संक्रमण के कारण मौत हो गई। तहसीलदार बागपत और उनका पांच साल का बेटा संक्रमित मिला है। कोरोना की पुष्टि होते ही डीएम की अध्यक्षता में चल रहे समाधान दिवस को बीच में ही रोक दिया गया। तहसील को 24 घंटे के लिए बंद कर दिया गया। वहीं, डिप्टी सीएमओ डॉ. यशवीर सिंह, उनकी पत्नी और दोनों बेटे संक्रमित मिले हैं। उधर, खेकड़ा कोतवाली से हाल ही में पुलिस लाइन भेजे गए इंस्पेक्टर अनिल सिंह भी कोरोना संक्रमित मिले हैं।
जिले के वरिष्ठ कोषाधिकारी डॉ. देवानंद राम नौ नवंबर को गाजियाबाद स्थित अपने घर गए थे। दस नवंबर को तबीयत खराब होने पर अस्पताल में भर्ती हुए, जहां उनका कोरोना टेस्ट कराया गया। 11 नवंबर को वह पॉजिटिव पाए गए। उपचार के दौरान मंगलवार को उनकी मौत हो गई। वहीं, बिनौली निवासी मनोज धामा दिल्ली पुलिस में हेडकांस्टेबल थे और शाहदरा के सीमापुरी थाने में तैनात थे। कोरोना की पुष्टि होने के बाद अस्पताल में भर्ती थे। उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
मंगलवार को बागपत तहसील में डीएम शकुंतला गौतम की अध्यक्षता में तहसील दिवस चल रहा था। तहसीलदार प्रसून कश्यप भी मौजूद थे। सुबह करीब सवा 11 बजे उनके कोरोना संक्रमित होने की रिपोर्ट मिली, जिसके बाद डीएम ने समाधान दिवस रोक दिया। तहसीलदार का पांच साल का बेटा भी संक्रमित मिला है। तहसील में कर्मचारियों और समाधान दिवस में पहुंचे 41 लोगों की जांच कराई गई। इनमें दो कोरोना संक्रमित मिले। डीएम शकुंतला गौतम ने बताया कि तहसील को 24 घंटे के लिए बंद किया गया है।
डिप्टी सीएमओ की पत्नी और बेटे भी संक्रमित
कोरोना संक्रमण के कारण नोएडा के अस्पताल में भर्ती डिप्टी सीएमओ डॉ. यशवीर सिंह की पत्नी और दोनों बेटे भी कोरोना पॉजिटिव आए हैं। परिवार को नोएडा के अस्पताल में ही भर्ती कराया गया है।
तहसील को कराया सैनिटाइज
सीएचसी बागपत की टीम मंगलवार को तहसील पहुंची और सैनिटाइजेशन किया गया। अधीक्षक डॉ. विभाष राजपूत ने बताया कि तहसील परिसर में कैंप लगाकर अन्य कर्मचारियों की जांच की गई। दो और कर्मचारियों में कोरोना की पुष्टि हुई है। नगर पालिका ने तहसील व सीएचसी को सैनिटाइज कराया है।
कलक्ट्रेट में शोक सभा, कोषाधिकारी के निधन पर दुख
वरिष्ठ कोषाधिकारी डॉ. देवानंद राम के निधन पर कलक्ट्रेट और ट्रेजरी में शोक सभा का आयोजन किया गया। डीएम शकुंतला गौतम, एसडीएम रामनयन और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा।
थाने को सैनिटाइज कराने की मांग
बालैनी। बालैनी थाना प्रभारी और एक एसएसआई में कई दिन पहले कोरोना संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। दोनों का मेरठ में उपचार चल रहा है। क्षेत्र के बिन्नू यादव, विवेक, सूरज, महेंद्र, जयभगवान का कहना है कि थाना परिसर को सैनिटाइज नहीं किया गया है। पुलिसकर्मियों और फरियादियों को संक्रमण का खतरा बना हुआ है।