बड़ौत में भीषण गर्मी व तेज धूप से बचने के लिए दुपट्टे लपेटकर जाती युवतियां
- फोटो : BAGHPAT
तेज धूप और गर्म हवा में झुलस रही त्वचा, पंखे भी नहीं दे रहे राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। गर्मी का सितम लगातार बढ़ता जा रहा है। इससे लोगों का बुरा हाल है। तेज धूप के साथ गर्म हवा त्वचा को झुलसा रही है। पंखों से भी राहत नहीं मिल रही है। रविवार को तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। गर्मी बढ़ने से लोग घरों से निकलने से कतरा रहे हैं। दोपहर में गली मोहल्ले से लेकर मुख्य मार्ग और बाजार तक सूने हो गए। शाम ढलने पर तापमान में थोड़ी गिरावट आने पर लोगों ने राहत महसूस की।
पिछले कुछ दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा है। बीते तीन दिन में जिले का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से बढक़र 45 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। इससे लोगों को न दिन में राहत मिल रही है और न रात में चैन आ रहा है। गर्मी से बचाव के लिए लोग धूप में निकलने से कतरा रहे हैं। जरूरी काम होने पर ही लोग घर से बाहर निकल रहे हैं। गर्मी में पंखों की हवा भी गर्म लग रही है। दोपहर में नगर की गलियां, मोहल्ले, मुख्य मार्ग तथा बाजार सूने हो रहे हैं। पूर्वाह्न 11 बजते ही लोगों का आवागमन घट गया। वहीं, दोपहर में लोग घरों में दुबकने के लिए मजबूर हो रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि गर्मी बढ़ने से बुखार और डायरिया होने की आशंका बढ़ जाती है। गर्मी और लू से बचाव के लिए अधिक से अधिक पेयजल पदार्थो और मौसमी फलों तथा हरी सब्जियों का सेवन करने की सलाह दी है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. विभाष राजपूत का कहना है कि लू लगने पर तुरंत चिकित्सक की सलाह लें। उनका कहना है कि लू लगने पर थोड़ी सी लापरवाही खतरनाक साबित हो सकती है।