दो बीघा जमीन के झगड़े में मुकदमा दर्ज करने और गिरफ्तारी का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
बागपत। जमीन के झगड़े की विवेचना में लापरवाही पर पुराना कस्बा चौकी के एसआई जाहिद खान को निलंबित कर दिया गया है। पीड़ितों ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए सीसीटीवी फुटेज अधिकारियों को सौंपे थे। एसपी अभिषेक सिंह ने पीड़ितों को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया।
नगर के पुराना कस्बे में 15 जुलाई को हाजी शाहिद ने गाजियाबाद के लोनी निवासी खलील बेग, जाहिद बेग, इंतजार बेग और बागपत के रहीस खान के खिलाफ जानलेवा हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। दो बीघा जमीन को लेकर यह विवाद चला आ रहा था। पुलिस ने रहीस खान को गिरफ्तार भी कर लिया था। आरोपी पक्ष का कहना था कि मुकदमे में नामजद किए गए लोग निर्दोष है, सुबूत के तौर पर सीसीटीवी फुटेज अधिकारियों को दी गई थी। एएसपी मनीष मिश्रा का कहना है कि विवेचना में लापरवाही पर एसआई जाहिद खान को निलंबित किया गया है। प्रकरण की जांच कराई जा रही है।