बागपत। व्यापारी के लापता होने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। व्यापारी के साथ कपड़ा शोरूम मालिक ने कुकर्म करके वीडियो बनाई और उसे ब्लैकमेल करके रुपये हड़पने लगा। अब उस पर दो लाख रुपये हर महीने देने का दबाव बना रहा है। उसने पुलिस को पूरा मामला बताया। पुलिस ने शोरूम मालिक को गिरफ्तार कर लिया है और उससे एक लाख 63 हजार रुपये बरामद किए हैं।
नगर में रहने वाला एक व्यापारी 22 मार्च की सुबह घर से घूमने के लिए गया था। इसके बाद नहीं लौटा। परिजनों ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया। व्यापारी सोमवार को खुद ही घर लौट आया। पुलिस ने व्यापारी से पूछताछ की तो उसने घर से जाने का कारण बताया तो हर कोई चौंक गया। सीओ अनुज मिश्रा के अनुसार व्यापारी ने बताया कि चार महीने पहले कपड़ा शोरूम मालिक आकाश सेठी ने उससे कुकर्म किया था। इसकी वीडियो बना ली थी। उसने वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर दो बार में एक लाख 63 हजार रुपये वसूले। अब दो लाख रुपये प्रतिमाह की मांग कर रहा था। इससे परेशान होकर वह घर से चला गया था। इस मामले में पुलिस ने आकाश सेठी को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया और उससे एक लाख 63 हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया है।
छेड़छाड़ के एक आरोपी को जेल भेजा
दोघट। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती से समुदाय विशेष के दो युवकों ने छेड़छाड़ कर दी। शोर मचाने पर पहुंचे परिजनों ने एक युवक को पकड़कर पिटाई की तथा पुलिस को सौंप दिया। उसका दूसरा साथी भागने में सफल रहा। युवती के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी कोशलेंद्र सिंह ने बताया कि युवती के पिता की तहरीर पर जुनैद निवासी लिलौन खेड़ी शामली को जेल भेज दिया है। उसके दूसरे साथी लिलौन खेड़ी निवासी सालिम की तलाश की जा रही है। संवाद