पुलिस के सामने ही बाजार में लोग बिना मास्क घूमते नजर आए
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। साप्ताहिक बंदी के दूसरे दिन बाजार में दुकानें खुलीं। दुकानों पर लोगों की भीड़ लगी रही। खरीदारी के लिए आए दुकानों ने नियमों की धज्जियां उड़ाई। सबसे अधिक भीड़ सब्जी और फलों की दुकानों पर रही। बाजार में लोग बिना मास्क घूमते नजर आए।
साप्ताहिक बंदी के दूसरे दिन रविवार को भी कुछ दुकानदारों ने दुकानें खोल दी। बड़ा बाजार में रविवार की सुबह काफी चहल-पहल रही। कुछ दुकानदार दुकान के बाहर बैठे रहे और ग्राहक आने पर सामान बेचते नजर आए। बाजार में आए लोगों ने कोरोना गाइड लाइन का जमकर उल्लंघन किया। कुछ लोग तो बिना मास्क घूमते नजर आए। सबसे अधिक भीड़ फल और सब्जी की दुकानों पर रही। लोग एक-दूसरे से सटकर खरीदारी करते देखे गए। दुकानदारों ने भी लोगों को संक्रमण से बचाव के लिए गाइडलाइन का पालन नहीं कराया। नगर के होलिका चौक, पांडव रोड चौराहा और राष्ट्र वंदना चौक पर पुलिस कर्मी तैनात होने के बावजूद लोगों ने नियमों का पालन नहीं किया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. विभाष राजपूत का कहना है कि संक्रमण का खतरा अभी टला नहीं है। उन्होंने लोगों से गाइड लाइन का पालन करने का आह्वान किया है।
अब रात 10 से सबुह छह बजे तक रहेगा नाइट कर्फ्यू
बागपत। कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार कमी आने के चलते शासन ने नाइट कर्फ्यू की अवधि घटा दी है। अब रात 10 से सुबह छह बजे तक नाइट कर्फ्यू रहेगा। सोमवार से शुक्रवार तक दुकानें सुबह छह बजे से रात 10 बजे तक खोली जा सकेंगी। शनिवार और रविवार की साप्ताहिक बंदी पहले की तरह लागू रहेगी।
पुलिस ने बंद कराई दुकानें
बड़ौत। रविवार की सुबह सुबह लोगों ने बाजारों की ओर रुख किया। लोगों ने खरीदारी की। नेहरू मूर्ति, संजय मूर्ति, घट्टा बाजार, बिनौली रोड, अग्रसैन मूर्ति, बिजरौल रोड आदि बाजारों में खामोशी छाई रही। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। शाम को हालांकि सड़कों पर लोगों की चहल पहल दिखी। रविवार को अनावश्यक रुप से खुल रही दुकानों को पुलिस ने बंद भी कराया। कोरोना संक्रमण के चलते रोडवेज की बसें लोकल रूटों पर ही संचालित हो रही है। बसों में यात्रियों का भी अभाव दिखा।