अग्रवाल मंडी टटीरी। कस्बे में नेशनल हाईवे निर्माण कंपनी के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले दसवें दिन धरना जारी रहा। बृहस्पतिवार को दुकानदार बाबू खान व बालेश्वर त्यागी सुबह से शाम तक भूख हड़ताल पर रहे। वहीं, युवा अमित राजपूत ने मौन रखा। धरने को राजनीतिक व सामाजिक संगठनों का समर्थन मिलना जारी है। रालोद के नेताओं ने भी धरना स्थल पर पहुंचकर दुकानदारों को समर्थन दिया।
भाकियू युवा जिला अध्यक्ष चौधरी हिम्मत सिंह ने कहा कि तहसीलदार से लेकर कमिश्नर तक गुहार लगाई जा चुकी है। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। व्यापारी नेता अभिमन्यु गुप्ता ने कहा कि व्यापारी पीड़ित दुकानदारों के साथ हैं। सोमवार तक समाधान न होने तक मंगलवार को टटीरी में सभी बाजार बंद रहेंगे। धरने में पुरा महादेव मंदिर समिति के सचिव संजीव शर्मा, नीरज पंडित, अर्पित रुहेला, पंडित अंकुर शर्मा, कृष्णपाल, डॉ. सुनील अग्रवाल, विजय मानव, महिपाल, सौरभ, आबिद खान, युसूफ, लियाकत मौजूद रहे।
रालोद नेताओं ने दिया आंदोलन को समर्थन
धरना स्थल पर रालोद के पूर्व विधायक वीरपाल राठी, जिलाध्यक्ष डॉ. जगपाल तेवतिया, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सोमेंद्र ढाका, पूर्व प्रधानाचार्य ओमवीर सिंह तोमर पहुंचे। उन्होंने अपने पूर्ण समर्थन की घोषणा की। यदि सरकारी रिकॉर्ड में 10 मीटर भूमि है तो उतनी पर ही सड़क बनेगी। डीएम व एडीएम से बात की जाएगी। लखनऊ में भी कल इस पर चर्चा करेंगे। पुरा महादेव मंदिर समिति के सचिव संजीव शर्मा ने कहा कि सरकार दो मंदिर तोड़ने पर आमादा है। अहमद हमीद ने कहा कि सड़क निर्माण के लिए गरीबों को तबाह करना ठीक नहीं है। यहां पूर्व प्रधान नीरज पंडित, अर्पित रोहिल्ला एडवोकेट, सौरव एडवोकेट आदि ने भी विचार रखे।