नगर मे साप्ताहिक बंदी के बावजूद खुली दुकानो को बंद कराती पुलिस।
- फोटो : KAHKRA
साप्ताहिक बंदी के बाद भी खेकड़ा में खोली दुकान
खेकड़ा (बागपत)। खेकड़ा नगर में बढ़ते कोरोना संक्रमण के बाद भी बाजार में रोस्टर को दरकिनार कर दुकानें खोली जा रही है। बुधवार को साप्ताहिक बंदी के दिन भी नगर के बाजार में दुकानें खोली। इससे बाजार में ग्राहकों की भीड़ लग गई और सोशल डिस्टेंस के नियमों का भी पालन नहीं हुआ। पता लगने पर पुलिस ने कड़ा रुख अख्तियार कर खुली दुकानों को बंद कराया। दुकानदारों को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
नगर में कोरोना संक्रमण तेजी से पैर पसारता जा रहा है। प्रशासन ने कोरोना से बचाव के लिए बाजार में रोस्टर व्यवस्था लागू की हुई है, लेकिन ज्यादातर व्यापारी इस व्यवस्था को पलीता लगा रहे हैं। वह रोस्टर में बंदी के दिन भी दुकान खोल रहे हैं। बुधवार को भी ऐसी ज्यादातर दुकानों को खोला। इससे बाजार में ग्राहकों की भी भीड़ जुट गई। इस दौरान सोशल डिस्टेंस की भी जमकर धज्जी उड़ी। पता लगने पर पुलिस बाजार में पहुंची। पुलिस को देखकर कुछ दुकानदार तो दुकानों के शटर गिराकर इधर उधर हो गए। बाकी बचे दुकानदारों को पुलिस कर्मियों ने कड़ा रुख अख्तियार कर खोली दुकानों को बंद कराया और व्यापारियों को हिदायत दी। कोतवाली प्रभारी राज कुमार शर्मा ने कहा नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।