बागपत। गुरु तेग बहादुर के शहीदी दिवस पर बृहस्पतिवार को शहर में शीश मार्ग यात्रा पहुंची जो कई मार्गों से गुजरी। यात्रा का नगर में जगह-जगह सर्वसमाज के लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इसके साथ ही जैन अतिथि भवन में लंगर लगाकर प्रसाद वितरित किया गया।
गुरुद्वारा शीशगंज साहिब दिल्ली से चलकर शीश मार्ग यात्रा बागपत पहुंची। यात्रा नगर के राष्ट्र वंदना चौक से होलिका चौक, शौकत मार्केट, गांधी बाजार, सर्राफा बाजार, यमुना रोड से होते हुए गुरुद्वारा श्री तेग बहादुर साहिब यमुना रोड पहुंची। जहां पर गुरद्वारे में अरदास हुई और गुरु प्रसाद वितरण किया गया। इसके उपरांत शीश मार्ग यात्रा कोर्ट रोड से होते हुए नगर के जैन अतिथि भवन पहुंची। जहां गुरु तेग बहादुर की शहादत पर विशाल नगर कीर्तन कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।
इसमें दिल्ली के साथ ही अन्य प्रदेशों से आए ग्रंथियों ने गुरु तेग बहादुर के जीवन पर प्रकाश डाला। अतिथि भवन में कीर्तन दीवान व गुरु तेग बहादुर का दरबार लगाकर अन्य प्रदेश व जनपदों से आए लोगों को सरोपा भेंट करके स्वागत किया गया। वहां पर गुरु की अरदास के बाद लंगर कर प्रसाद का वितरण किया गया। इस मौके पर नंदलाल डोगरा, जगदीश अरोड़ा, सोनू अरोड़ा, सभासद मोहनपाल चौहान, मंजीत कौर, राजेश खुराना, हिमांशु गुलियानी, मोहित, दीपक सिंधी, सचिन, सुनील खुराना, मोहित खट्टर, मनोज वर्मा, बोबी चौहान मौजूद रहे। - गेटवे स्कूल के बच्चों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया
शहर के बड़ौत रोड स्थित गेटवे इंटरनेशनल स्कूल के बच्चों ने प्रधानाचार्य अमित चौहान के नेतृत्व में शीश मार्ग यात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। इसके बाद बच्चों ने ढोल नगाड़ों के साथ मार्च पास्ट किया। वहां बच्चों को प्रसाद का वितरण किया। वहीं यात्रा का स्वागत के लिए रूट डायवर्ट किया गया था।