जिले में हुई करीब 350 शादी, सभी विवाह मंडप व रिसोर्ट रहे बुक
बागपत/बड़ौत। फुलेरा दोज पर सोमवार के जिले में करीब 350 शादियां र्हुइं। इस दौरान खूब शहनाईयां बजीं और हर मंडप बुक रहा। दूसरी तरफ शादी का सामान खरीदने के लिए भी दुकानों पर भीड़ नजर आई। रात में सड़कों पर घुड़चढ़ी और चढ़त होने के कारण जाम की स्थिति बन गई।
2020 संक्रमण के बीच ही गुजर गया। वैसे तो शादी विवाह लोगों ने अप्रैल, मई और जून, जुलाई 2021 माह में रखा है, लेकिन 15 मार्च फुलेरा दोज पर खूब शादियां हुई। जिले के करीब ढाई सौ मंडपों में धूमधाम से शादियां हुई और खूब शहनाईयां बजीं। बड़ी संख्या में शादी होने का एक कारण यह भी है कि इसके बाद अप्रैल, मई, जून में शादियों का शुभ मुहूर्त सात से अधिकतम दस दिन का ही है। ऐसे में शुभ मुहूर्त कम पड़ गए हैं। यही वजह है कि नवंबर 2021 में मैरिज हॉल बुक हो गए हैं। पंचवटी मंदिर के पुजारी पंडित कुंदन भारद्वाज ने बताया कि 22 अप्रैल तक कोई शुभ मुहूर्त ही नहीं है।
ये हैं शुभ मुहूर्त
अप्रैल 22, 23, 24, 25, 26, 27, 28, 29, 30। मई 1, 2, 3, 7, 8, 12, 13, 14, 15, 19, 20, 21, 22, 23, 24, 26, 27, 28, 29, 30। जून 3, 5, 11, 15, 16, 17, 18, 19, 20, 21, 22, 23, 24, 25, 26 और जुलाई 1, 2, 3, 6, 12, 13, 14, 15, 16 को वैवाहिक मुहूर्त होगा।
मैरिज हॉल नवंबर 2021 तक हैं बुक
अप्रैल, मई, जून एवं जुलाई में शुभ मुहूर्त कम होने की वजह से लोगों ने अधिकतर शादियां नवंबर 2021 में रखी हैं। बड़ौत विवाह मंडप एसोसिएशन के महामंत्री वरदान जैन और दिल्ली रोड स्थित राज प्लेस के संचालक विश्वास चौधरी ने बताया कि अप्रैल में पांच, मई में 10, जून में आठ, जुलाई में आठ लगन बहुत तेज है। वहीं नवंबर 2021 में 20 से 29 तक मैरिज हॉल की बुकिंग लोगों ने करवा ली है। रोजाना बुकिंग के लिए 15 से 20 फोन आ रहे हैं।
-----------------