बागपत। गौरीपुर जवाहर नगर गांव से एक सप्ताह में बाइक चोरी की सात घटनाएं होने से ग्रामीणों की नींद उड़ी हुई है। बाइक चोरी करते हुए एक चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। इस मामले में पुलिस में शिकायत की गई है।
गौरीपुर जवाहरनगर में पिछले एक सप्ताह में संजय पुत्र हरनंद, कल्लू पुत्र सुरेश, सुरेश मास्टर की बाइक चोरी हो चुकी हैं। इनके अलावा गौरीपुर मोड़ पर कीटनाशक व खाद की दुकान के संचालक, चारपाई बेचने वाले की दुकान के पास से बाइक चोरी हुई तो फल विक्रेता की बाइक भी चोरी हो गई। जबकि एक बाइक का पेट्रोल खत्म होने पर चोर उसे गांव के बाहरी छोर पर छोड़ गए।
इस तरह से बाइक चोरी की घटनाएं लगातार हो रही है। संजय, कल्लू, सुरेश समेत अन्य ने पुलिस से बाइक चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने की मांग की है। सीओ देवेंद्र शर्मा का कहना है कि कोतवाली पुलिस को सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर चोरों का जल्द पता लगाकर पकड़ने के लिए कहा गया है। इसके अलावा गांव के आसपास गश्त बढ़ाने के लिए भी निर्देश दिए गए हैं।