बड़ौत स्थित जनता वैदिक डिग्री काॅलेज में सेना भर्ती के लिए आयोजित दौड़ में भाग लेते रामपुर के युवक।
- फोटो : अमर उजाला
बागपत के बड़ौत में सेना भर्ती के पहले दिन रामपुर के युवाओं ने जोर आजमाया। पंजीकृत 4207 अभ्यर्थियों के सापेक्ष दौड़ में शारीरिक दक्षता परीक्षा में केवल 3085 अभ्यर्थी ही शामिल हुए। इनमें 322 अभ्यर्थियों का चयन मेडिकल के लिए हुआ है। भर्ती कार्यालय मेरठ के निदेशक कर्नल रजनीश मेहता की निगरानी में फिजिकल हुआ। रविवार को मुरादाबाद के अभ्यर्थी भर्ती में दमखम दिखाएंगे।
शनिवार को सुबह करीब ढाई बजे से ही बिजरौल रोड पर रामपुर से पहुंचे अभ्यर्थी कतारबद्ध होने शुरू हो गए थे। सैनिक सामान्य ड्यूटी, सैनिक तकनीकी, नर्सिंग सहायक, सैनिक लिपिक, स्टोर कीपर और सैनिक ट्रेड मैन के पदों के लिए प्रवेश पत्र और अन्य जांच के बाद अभ्यर्थियों को इंटर कॉलेज के मैदान में प्रवेश दिया गया। सुबह करीब पौने छह बजे दौड़ आरंभ हुई। एक ग्रुप में 150 से 250 तक अभ्यर्थियों को दौड़ाया।
सेना के अधिकारियों ने बताया रामपुर जनपद के 4207 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, लेकिन शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए केवल 3085 अभ्यर्थी ही पहुंचे। फिजिकल के बाद मेडिकल के लिए अंतिम रूप से 322 अभ्यर्थियों का चयन किया। इनका मेडिकल कराया जाएगा। भर्ती कार्यालय मेरठ के निदेशक कर्नल रजनीश मेहता के निर्देशन में शारीरिक दक्षता परीक्षा हुई। लखनऊ से पहुंचे ब्रिगेडियर संदीप सहगल ने भी निरीक्षण किया। डीएम ह्दय शंकर तिवारी, एसपी पूनम, एडीएम डीपी सिंह, एसडीएम बड़ौत दीपाली कौशिक, सीओ बड़ौत कर्मवीर सिंह, एएसपी अजीजुल हक ने भी भर्ती स्थल के बाहर और अंदर का दौरा किया।
लंबाई में अनफिट हुए 322 अभ्यर्थी
बड़ौत। दौड़ की बाधा पर करने के बावजूद 322 अभ्यर्थी लंबाई कम होने के कारण बाहर कर दिए हैं। अन्य अभ्यर्थी अलग- अलग कारणों से बाहर हुए हैं।