बागपत। सहारनपुर में बुधवार को एटीएम उखाड़कर ले जाने की सनसनीखेज वारदात हो चुकी है। इसकी को देखते हुए अमर उजाला ने जिले में भी एटीएम की सुरक्षा की पड़ताल की तो अधिकांश रामभरोसे ही मिले। अधिकतर एटीएम बैंक शाखा बंद होने के साथ ही शटडाउन कर दिए जाते हैं। इनकी सुरक्षा केवल सायरन टेक्नोलॉजी के भरोसे है, कोई गार्ड की तैनाती नहीं है।
केस-1
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित केनरा बैंक के बाहर एटीएम शाखा के साथ ही शटडाउन कर दिया जाता है। एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था सायरन के भरोसे है। केनरा बैंक के ऑफिसर सौरव शर्मा का कहना है कि एटीएम की सुरक्षा के लिए रात के समय कोई गार्ड नहीं है, लेकिन शटर को कोई भी व्यक्ति हाथ लगाता है तो उसका सायरन बज जाएगा जो थाने से लेकर बैंक के तीन अधिकारियों को पता चल जाएगा।
केस-2
कलक्ट्रेट के बाहर सिंडीकेट बैंक पर भी कोई गार्ड तैनात नहीं है। बैंक मैनेजर का कहना है कि एटीएम के लिए कोई गार्ड नहीं है। इसके लिए बैंक प्रबंधन तय करेगा। रात के समय एटीएम को तोड़ने या नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई तो सीधा सायरन बजेगा और उसकी सूचना पुलिस से लेकर बैंक अफसरों को भी मालूम हो जाएगी।
लुट चुका बैंक, एटीएम उखाड़ने की कोशिश
बागपत। छपरौली थाना क्षेत्र के लूंब में बदमाश बैंक लूट चुके हैं। इसके अलावा दोघट थाना क्षेत्र के पुसार में एटीएम मशीन को उखाड़ने की कोशिश हो चुकी है। इसके बाद सुरक्षा का यह हाल है।
एटीएम की सुरक्षा के लिए प्रतिदिन पुलिस को गश्त पर भेजा जाता है। क्राइम पर कंट्रोल करने के लिए रात में भी पुलिस गश्त बढ़ा दी जाएगी। - अजय कुमार सिंह, एसपी।