- इब्राहिमपुर माजरा की गोशाला में 12 दिसंबर को टेंपो में पशु लेकर पहुंचे थे सचिव, कई लोगों पर लगाया आरोप
- सचिव ने डीडीओ को पत्र भेजकर स्थिति से कराया अवगत, मामले में कार्रवाई कराने की मांग की गई
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। बड़ौत ब्लॉक के इब्राहिमपुर माजरा गांव में 12 दिसंबर को गोशाला में संरक्षित पशु लेकर गए सचिव पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। टेंपो चालक को नीचे उतार लिया और वापस नहीं जाने पर पशुओं से भरे टेंपो में आग लगाने की धमकी दी। सचिव ने डीडीओ को पत्र भेजकर स्थिति से अवगत कराते हुए कार्रवाई व सुरक्षा की गुहार लगाई।
ओढ़ापुर गांव के सचिव गंगाराम के अनुसार 12 दिसंबर को वह संरक्षित पशुओं को पकड़कर इब्राहिमपुर माजरा स्थित गोशाला में लेकर गया था। आरोप है कि जब वह पशु लेकर गोशाला में गया तो वहां कुछ लोग एकत्र हो गए। इसके बाद लोगों ने उससे अभद्रता शुरू कर दी। इतना ही नहीं विरोध करने पर उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि ग्रामीणों ने टेंपो के चालक को नीचे उतार दिया और कहा कि वहां से वापस नहीं जाने पर टेंपो में आग लगा दी जाएगी। जान बचाने के लिए चालक व पशुओं को लेकर मौके से चला गया। मोबाइल बंद होने के कारण बीडीओ को इसकी जानकारी नहीं दे सका। सचिव ने डीडीओ अखिलेश कुमार चौबे को पत्र भेजकर स्थिति से अवगत कराया। कहा कि इब्राहिमपुर माजरा गांव के ग्रामीणों से जान को खतरा बना हुआ है। इसलिए फिर से पशुओं को लेकर गांव में नहीं जाएगा।
वर्जन
- सचिव ने पत्र भेजकर स्थिति से अवगत कराया है। सचिव ने गांव से न बीडीओ को इसकी जानकारी दी और न ही मुझे बताया। पत्र के आधार पर मामले की जांच कराने के बाद कार्रवाई की जाएगी। -अखिलेश कुमार चौबे, डीडीओ