बड़ौत/दोघट। गांगनौली गांव में शनिवार की सुबह ड्यूटी जा रहे ग्राम सचिव प्रिंस जैन पर रास्ते से ई-रिक्शा हटाने को लेकर हमला कर दिया गया। हमलावरों ने उन्हें बचाने आए दोस्त उज्ज्वल जैन निवासी बरनावा की भी पिटाई कर घायल कर दिया। इसमें ग्राम सचिव ने दोघट थाने में तीन नामजद और 15 अज्ञात के खिलाफ दोघट थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
गांगनौली निवासी प्रिंस जैन माजरा गांव में ग्राम सचिव के पद पर तैनात हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह वे अपने दोस्त उज्ज्वल जैन के साथ कार में सवार होकर माजरा गांव जा रहे थे। रास्ते में खड़ी ई-रिक्शा हटवाने को लेकर उनकी कुछ युवकों से उनकी कहासुनी हो गई।
आरोप लगाया कि तभी युवकों ने उन पर हमला कर दिया और कार से बाहर निकालकर पीटने लगे। तभी उज्ज्वल जैन ने बीच बचाव कराने का प्रयास किया तो उसके साथ भी मारपीट की गई। पुलिस ने सीएचसी में घायल का उपचार कराया। इस मामले में सीओ विजय कुमार का कहना है कि जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।