छात्रों को ड्राप बॉक्स से मिलेंगे प्रश्नों के जवाब
बागपत। ऑनलाइन शिक्षण में आने वाली बाधाओं को दूर करने के लिए माध्यमिक विद्यालयों में ड्राप बॉक्स लगवाएं जाएंगे। शिक्षण के दौरान आने वाली परेशानी को हल कराने के लिए छात्र-छात्राएं अपने प्रश्न ड्राप बॉक्स में डालेंगे तथा शिक्षण प्रश्नों के उत्तर ड्राप बॉक्स के माध्यम से छात्रों को देंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को छात्र-छात्राओं की समस्या को हल करने के लिए विद्यालयों में ड्राप बॉक्स लगवाने के निर्देश दिए हैं।
कोरोना महामारी फैलने के बाद शासन ने छात्रों को शिक्षण कराने के लिए व्हाटसएप पर वर्चुअल कक्षाएं शुरू कराई । एंड्रायड मोबाइल के अभाव में शत प्रतिशत बच्चों का शिक्षण नहीं हो पा रहा था। शासन ने शत प्रतिशत बच्चों को शिक्षण कराने के लिए दूरदर्शन व स्वयं प्रभा चैनल के माध्यम से शिक्षण शुरू कराया तथा जिन छात्र-छात्राओं के घरों में टीवी नहीं है, उनके लिए ग्राम प्रधान द्वारा पंचायत घर में टीवी की व्यवस्था कराकर शिक्षण कार्य कराने के निर्देेश दिए। टीवी पर शिक्षण कार्य शुरू होने के बाद शिक्षण के दौरान आने वाली परेशानी को हल करने की जिम्मेदारी शिक्षकों को सौंपी। इसके लिए विद्यालयों में ड्राप बॉक्स लगवाने के निर्देश दिए हैं। टीवी पर प्रसारण के दौरान शिक्षण में आने वाली परेशानी को छात्र-छात्राएं लिखकर ड्राप बॉक्स में डालेंगे तथा ड्राप बॉक्स के माध्यम से शिक्षक छात्रों की समस्या का समाधान करेंगे। प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक रेखा शर्मा ने कहा शासन से जो भी निर्देश मिले हैं, उनके अनुसार विद्यालय में ड्राप बॉक्स लगवाए जाएंगे।
डॉ. मुछाल ने जलनेति का प्रस्तुतीकरण किया
बड़ौत। फिट इंडिया आंदोलन के तहत भारत स्काउट और गाइड नई दिल्ली की ओर से राष्ट्रीय वेबिनार का यूट्यूब पर प्रसारण किया गया। इसमें 60 प्रतिभागियों ने प्रतिभागिता की। शुभारंभ डॉ. काली प्रसाद मिश्रा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं चीफ स्टेट कमिश्नर उड़ीसा एवं उप निदेशक अरूप सरकार ने किया। योग गुरु दीपांकर दासगुप्ता ने योग का प्रदर्शन किया। योगाचार्य व दिगंबर जैन डिग्री कॉलेज के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ महेश कुमार मुछाल ने जलनेति का प्रस्तुतीकरण किया। अमिताभ पाठक ने गोमुखासन के लाभ एवं लक्ष्मी गुप्ता ने रोप मलखंब तथा दिव्या शेखावत में ध्यान का अभ्यास कराया। दर्शना पवासकर संयुक्त निदेशक गाइड ने आभार प्रदर्शन किया। डॉ. मुछाल ने बताया कि 10 अंतर्राष्ट्रीय प्रतिभागियों ने भी प्रतिभागिता की।