बड़ौत में सराय रोड़ पर राशन की कालाबाजारी की सूचना पर जांच पड़ताल करते आपूर्ति निरीक्षक।
- फोटो : BARAUT
कालाबाजारी के लिए ले जाया जा रहा था, आरोपी राशन डीलर फरार
सूचना पर पहुंचे आपूर्ति विभाग के अफसरों को सौंपा, मामले की जांच शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। बड़ौत-अमीनगर सराय मार्ग पर बृहस्पतिवार की रात कालाबाजारी के लिए ले जाए जा रहे 100 क्विंटल सरकारी राशन को एसडीएम ने पकड़ लिया। एसडीएम ने आपूर्ति निरीक्षक को जांच पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है। उधर, ग्रामीणों ने एफसीआई गोदाम पर तैनात कुछ कर्मचारियों और राशन डीलर पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए डीएम से हस्तक्षेप कर कार्रवाई की मांग की।
बृहस्पतिवार की देर शाम गुराना और हिलवाड़ी गांव के कुछ ग्रामीणों ने एसडीएम सुभाष सिंह को सूचना दी कि एफसीआई गोदाम पर एक गांव का राशन डीलर 100 क्विंटल राशन ट्रैक्टर-ट्राली में लिए खड़ा है। यह खाद्यान्न कालाबाजारी के लिए लेकर जाने वाला है। सूचना पर एसडीएम सुभाष सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर-ट्राली में लदे राशन को पकड़ लिया। आरोपी राशन डीलर मौके से फरार हो गया। एसडीएम ने इसकी सूचना क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी आलोक कुमार और आपूर्ति निरीक्षक राहुल पटेल को दी। सूचना पर आपूर्ति निरीक्षक राहुल पटेल मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर-ट्राली को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
ग्रामीणों ने लगाया मिलीभगत का आरोप
ग्रामीणों ने राशन डीलर और एफसीआई गोदाम पर तैनात कर्मचारियों की संलिप्तता की जांच कराने की मांग की। गुराना गांव के पूर्व प्रधान रणधीर सिंह, नगर निवासी सोनू तोमर का आरोप है कि एसएमआई के संरक्षण में एक प्राइवेट युवक दो माह से गोदाम पर तैनात है। इसकी भी जांच होनी चाहिए। एसडीएम सुभाष सिंह ने कहा कि आपूर्ति निरीक्षक को जांच सौंप दी गई। जो भी दोषी होगा, उस पर कार्रवाई की जाएगी।