बड़ौत तहसील में एसडीएम पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हंगामा करते युवक
- फोटो : amar ujala
बागपत के बड़ौत के छात्र नेताओं और युवकों ने तहसील में कृषि भूमि को आवासीय भूमि में दर्ज कराने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप लगा एसडीएम से भिड़ गए। मामला गर्म होता देख एसडीएम गाड़ी में सवार होकर तहसील से चलते बने। इसके बाद युवाओं ने एसडीएम के खिलाफ नारेबाजी कर तहसील में उनका पुतला जलाया।
शनिवार को छात्र नेता और युवक तहसील पहुंचे। उन्होंने कहा बावली रोड पर गौरव तोमर के नाम भूमि है। इस कृषि भूमि को छह माह से 143 के अंतर्गत आवासीय भूमि में दर्ज कराए जाने की कार्रवाई चल रही है। राजस्व कर्मचारियों ने अपनी रिपोर्ट भी इस पर लगा दी है, लेकिन एसडीएम अपनी रिपोर्ट नहीं लगा रहे है। उन्होंने एसडीएम पर रिश्वत मांगने का आरोप लगा तहसील में जमकर हंगामा किया।
इस दौरान एसडीएम से भी युवक भिड़ गए और उनमें नोकझोंक हुई। इस दौरान मामला गरमाता देखकर एसडीएम गाड़ी में सवार होकर चले गए। बाद में युवाओं ने एसडीएम के खिलाफ नारेबाजी कर उनका पुतला जलाया। उन्होंने कहा यदि यह जमीन आवासीय भूमि में दर्ज नहीं की तो वे उच्च अधिकारियों के यहां पूरे प्रकरण की जांच कराएंगे और चुप नहीं बैठेंगे।
इस संबंध में एसडीएम यशवर्धन श्रीवास्तव ने कहा जो आरोप लगाया है, वह निराधार है। फाइल में कुछ कमी है, कमी पूरी हो जाने पर कृषि भूमि को आवासीय भूमि में दर्ज होगा। इसमें जैन कॉलेज के छात्रसंघ के अध्यक्ष राहुल कुमार, उपाध्यक्ष अमरदीप शर्मा, जोनी चौधरी, सूरज दांगी, पोली दांगी, हर्ष खोखर, कमल सिंह तोमर, रोबिन, मनीष आदि शामिल रहे।