एटा में बच्चों की मौत के बाद बागपत में स्कूल बस का चालान करते एआरटीओ आरपी मिश्रा
- फोटो : amar ujala
बागपत। एटा स्कूल बस हादसे के बाद उपसंभागीय परिवहन विभाग ने बागपत और खेकड़ा में प्राइवेट स्कूलों की बसों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान 13 बसों के चालान किए गए और नौ गाड़ियों को बंद कराया गया।
प्राइवेट स्कूलों की मनमानी के चलते एटा में 12 स्कूली बच्चों को जान गंवानी पड़ी थी। इस हादसे से प्रदेश में हड़कंप मच गया। परिवहन आयुक्त ने सभी जिलों में प्राइवेट स्कूलों की बसों में चेकिंग किए आदेश आरटीओ और एआरटीओ को दिए थे। शुक्रवार को एआरटीओ आरपी मिश्रा ने खेकड़ा और बागपत के प्राइवेट स्कूलों की बसों की चेकिंग की। नियमों का उल्लंघन मिलने पर बसों के चालान किए गए। उन्होंने बताया कि 13 बसों के चालान काटे गए हैं। नौ बसों को बंद कराया गया है। एआरटीओ आरपी मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार को खेकड़ा और बागपत की प्राइवेट स्कूल बसों की चेकिंग की गई है। शनिवार को बड़ौत पहुंचकर स्कूल वाहनों की जांच होगी।
क्षमता से ज्यादा बच्चे
एआरटीओ की जांच के दौरान तीन बसें ऐसी मिलीं, जिनमें क्षमता से अधिक बच्चे थे। बस को रुकवाकर चालान किए गए। साथ ही इस दोबारा बच्चों को लाने पर वाहन को सीज करने की चेतावनी दी गई।
स्कूल संचालकों में हड़कंप
छापेमारी से स्कूल संचालकों में दिनभर हड़कंप मचा रहा। इधर-उधर से बस चालक बच्चों को लेकर स्कूलों में पहुंचे। इस कारण छात्रों को स्कूल से घर आने में देरी हो गई।