निर्माणाधीन कुंडली पेरिफेरल हाईवे लहचौड़ा गांव के पूर्व माध्यमिक विद्यालय के भवन को भी लील जाएगा। ग्रामीणों ने रविवार को बैठक कर विद्यालय भवन गिराने से पूर्व हाईवे प्राधिकरण से नया भवन बनाकर देने की मांग की। उन्होंने कहा मांग नहीं मानी तो वे बच्चों के साथ धरने पर बैठेंगे ।
क्षेत्र के 11 गांवों से निकल रहे पेरिफेरल हाईवे के निर्माण के बाद क्षेत्र में तमाम विकास के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन लहचौड़ा गांव के िए हाईवे बालकों की शिक्षा में बाधा के रूप में आया है। हाईवे ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय का नवनिर्मित भवन भी हाईवे की जद में ले लिया है।
रविवार को गांव में हुई बैठक में भाकियू के जिला सचिव शिवदत्त शर्मा ने कहा विद्यालय के खसरा न. 388 और 389 को हाईवे प्राधिकरण ने स्कूल का जिक्र नहीं किया है। ये एक साजिश है। उन्होंने कहा हाईवे बनाने में नियम ताक पर रखे जा रहे हैं।
उन्होंने प्राधिकरण से विद्यालय का भवन गिराने से पूर्व किसी अन्य स्थान पर भवन बनाकर देने की मांग की औरऐसा नहीं होने पर हाईवे का निर्माण नहीं होने देंगे। इसमें सोहन पाल सिंह, मनोज शर्मा, जावेद हसन, टीकाराम, चरण सिंह, लालचंद, रमेश कुमार, लक्ष्मण आदि रहे।