बिनौली (बागपत)। लखनऊ में मुख्यमंत्री आदित्य नाथ योगी द्वारा गोल्डन ब्वॉय सौरभ चौधरी को लक्ष्मण अवार्ड से सम्मानित करने पर बिनौली स्थित वीर शाहमल राईफल क्लब पर उसके साथी शूटरों ने मिठाई बांटकर जश्न मनाया।
जनपद मेरठ के कलीना गांव निवासी सौरभ चौधरी ने शूटिंग के क्षेत्र में तहलका मचा रखा है। उसने जकार्ता में स्वर्ण पदक, वर्ष 2018 के एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक, दक्षिण कोरिया में विश्व शूटिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक, जर्मनी में आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप में नया कीर्तिमान स्थापित किया। कोरिया के चांगवन में 2018 विश्व चैंपियनशिप में 10 मीटर एयर पिस्टल में स्वर्ण पदक जीतकर खुद की गोल्डन ब्वॉय के नाम की पहचान बनाई। इन्हीं उपलब्धियों पर मुख्यमंत्री आदित्य नाथ योगी ने शुक्रवार को लखनऊ के शिल्पग्राम में हुए समारोह में सौरभ को लक्ष्मण अवार्ड से सम्मानित किया। इस उपलब्धि पर वीर शाहमल राइफल क्लब पर साथी शूटरों ने मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया। सौरभ के कोच अमित श्योरान ने कहा शूटिंग के क्षेत्र में सौरभ अनेक इतिहास रचेगा। खुशी मनाने वालों में सचिन शर्मा, मोनू कुमार, सुमित कुमार, विक्रांत, शिवाय, आदेश बालियान, साहिल चौहान, चिराग शर्मा, शिवम फोगाट, शुभम फोगाट, प्रतीक, रोनक शर्मा, हर्ष शिवाच आदि मौजूद रहे।