बड़ौत में कोरोना का सैंपल लेता स्वास्थ्यकर्मी
- फोटो : BAGHPAT
17 संक्रमित मिले बुधवार को जिले में, दिल्ली पुलिस का सिपाही भी शामिल
जिले में अब तक बढ़कर 44 सक्रिय मामले हुए कोरोना संक्रमण के
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिले में बुधवार को 17 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। इनमें सरूरपुर सीएचसी का पूरा स्टाफ और बड़ौत निवासी दिल्ली पुलिस का सिपाही भी शामिल है। हालात देखते हुए सरूरपुर सीएचसी को 24 घंटे के लिए बंद कर दिया है। अब जिले में 44 सक्रिय मामले हो गए हैं। संक्रमितों को होम आइसोलेट कर उपचार शुरू कर दिया है। इसके साथ ही उनकी गलियों को सील करके परिजनों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।
सरूरपुर सीएचसी पर तैनात चिकित्सक और स्टाफ नर्स के अतिरिक्त सरूरपुर गांव के दो युवक, अग्रवाल मंडी टटीरी के दो युवक, मीतली का एक युवक संक्रमित मिला है। बड़ौत में गांधी रोड निवासी दिल्ली पुलिस का सिपाही और एक ही परिवार के चार सदस्य संक्रमित मिले हैं। खेकड़ा नगर में दो और सुन्हैड़ा गांव में एक युवक में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है।
सीएमओ डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि सरूरपुर सीएचसी को 24 घंटे के लिए बंद कर दी है। संक्रमितों को होम आइसोलेट कर उपचार शुरू कर दिया है। उनके परिजनों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। गलियों को सील कर आवागमन बंद कर दिया है। उन्होंने लोगों को संक्रमण से बचाव के लिए कोरोना गाइडलाइन का पालन करने का आह्वान किया है।