अग्रवाल मंडी टटीरी में सैनिटाइजर करता कर्मचारी
- फोटो : BAGHPAT
संक्रमण से बचाव के लिए कोरोना गाइड लाइन का पालन करने का आह्वान
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। तेजी से बढ़ते हुए कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए रविवार को जिले भर में सैनिटाइजेशन और फॉगिंग कराई। डीएम राजकमल यादव के नेतृत्व में विभागीय अधिकारियों ने बृहद स्तर पर सैनिटाइजर का छिड़काव कराया। डीएम ने संक्रमण से बचाव के लिए जिले के लोगों से कोरोना गाइड लाइन का पालन करने का आह्वान किया।
रविवार को डीएम के निर्देशन में जिले की सभी नगर पालिका व नगर पंचायतों में बडे़ स्तर पर सैनिटाइजर का छिड़काव कराया गया। नगर पालिका बागपत ,बड़ौत, खेकड़ा, नगर पंचायत छपरौली, अमीनगर सराय, अग्रवाल मंडी टटीरी व ग्रामीण क्षेत्र के विभिन्न स्थान, बाजार व आवासीय कालोनियों में अभियान चलाकर सैनिटाइजर, फॉगिंग व साफ सफाई कराई गई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को जिले में घर-घर सैनिटाइजेशन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को संक्रमण से बचाव के लिए लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों से अनावश्यक घर से बाहर न निकलने, मास्क व सोशल डिस्टेंस के साथ सफाई का विशेष ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने लोगों से लॉकडाउन का पालन करने का आह्वान किया। अधिकारियों को नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोरोना गाइड लाइन का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लोगों को मास्क को अपना सुरक्षा कवच बनाकर घर से निकलने के लिए जागरूक किया।