बागपत। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष योगेश धामा समर्थकों के साथ रालोद छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए। दिल्ली में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने धामा को पार्टी ज्वाइन कराई। बागपत में धामा का समर्थकों ने अभिनंदन किया।
मंगलवार को योगेश धामा दिल्ली स्थित भाजपा कार्यालय में पहुंचे। जिले के करीब 70 गांव के प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, सभासद और जिला पंचायत सदस्यों के साथ उन्होंने रालोद छोड़कर भाजपा का दामन थामा। भाजपा जिलाध्यक्ष संजय खोखर यहां मौजूद रहे। इसके बाद धामा का काफिला बागपत पहुंचा। यहां जिला पंचायत में योगेश धामा का अभिनंदन किया।
उन्होंने समर्थकों के सामने कहा सोच समझकर फैसला किया है। भाजपा देश को तरक्की की नई दिशा में ले जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विचारधारा से ही अब देश का भला संभव है।
इस दौरान जिपं सदस्य रविंद्र कुमार, निशांत तोमर, अनुज दांगी, विराज तोमर, संजय कुमार, सभासदों में संजय रूहेला, राजीव कौशिक, जितेंद्र धामा, मोहन बेदी, जयदीप धामा, सुखबीर वाल्मीकि, पवन शर्मा, धीरज ठाकुर, अशोक सिंघल ने भाजपा ज्वाइन की। इसमें कृष्णपाल चेयरमैन, सुरेंद्र वर्मा, प्रवीण चौधरी, राजपाल, सोनिया चौधरी, अनिल वशिष्ठ, रेखा चौहान, राजीव दांगी, रमेश कुमार मौजूद रहे।