बागपत। जिंदगी इम्तिहान लेती है...। कोरोना के खिलाफ चल ही जंग में ऐसा ही इम्तिहान हुआ खेकड़ा सीएचसी अधीक्षक डॉ ताहिर का। हाल में ही पिता का इंतकाल हुआ है। दुख की घड़ी सिर पर है, मगर यह कर्मयोगी कोरोना महामारी के खिलाफ चल रही लड़ाई में अपनी ड्यूटी पर डटे है।
27 मार्च को हृदयगति रुक जाने से साहिबाबाद में पिता मुन्नवर अली (68) का इंतकाल हो गया। बुरी खबर डॉ ताहिर तक पहुंची। एक तरफ कोरोना से छिड़ी जंग और दूसरी तरह जिस पिता ने दुनियादारी सिखाई, उसे अलविदा कहने की घड़ी। डॉ ताहिर ने घर जाने से मना कर दिया, लेकिन स्टाफ के सदस्यों ने उन्हें समझाया तो वह शाम को ही साहिबाबाद चले गए, लेकिन जैसे ही कोरोना के मामले बढ़ने शुरू हुए तीसरे दिन यानि 30 मार्च की सुबह ही ड्यूटी पर लौट आए। वह बताते हैं कि दूसरा भाई जाहिद मुंबई में फंसा हुआ था, घर में कोई नहीं था। वह जाना नहीं चाहते थे, सवाल लोगों के स्वास्थ्य का था। मगर, जाना पड़ा। पिता को सुपुर्द-ए-खाक करने के बाद उनके मन में ड्यूटी का ही सवाल उठता रहा। किसी तरह पहले दो दिन खुद को रोके रखा, लेकिन तीसरे दिन वह अपना बैग उठाकर खेकड़ा सीएचसी पहुंच गए। कोविड़-19 अस्पताल की जिम्मेदारी संभाल ली। वह बताते हैं कि पिता ने ही कर्म करने की सीख दी थी, इसलिए वह अपने कर्मक्षेत्र में लौट आए हैं। पिता उनके दोस्त थे, वह चले गए, कभी नहीं आएंगे। इसका मलाल है, लेकिन महामारी के खिलाफ चल रही लड़ाई में वह अपने साथी डॉक्टर, नर्स, स्वास्थ्य कर्मचारियों और पुलिस-प्रशासन के साथ हिस्सा बनना चाहते थे, यही वजह रही उनके लौट आने की।