बागपत। मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने शहर के चार सरकारी कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई अधिकारी और कर्मचारी बिना बताए अनुपस्थित पाए गए। सीडीओ ने इन सभी का वेतन रोकने और स्पष्टीकरण मांगने के आदेश दिए हैं।
शनिवार सुबह साढ़े दस बजे शुरू हुए निरीक्षण में श्रम विभाग कार्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर नजरे आलम, मौसीन सैफी और प्रधान सहायक करणवीर बिना अनुमति के अनुपस्थित मिले। प्रधान सहायक प्रदीप कुमार जून माह में केवल चार दिन ही उपस्थित रहे। 11 बजे नलकूप विभाग में कनिष्ठ सहायक पीयूष कश्यप, आलोक, मुंशी अरुण शर्मा और बेलदार विनोद भी अनुपस्थित पाए गए। खादी ग्रामोद्योग कार्यालय में एएमडी शिप्रा खंडेवाल एक जून से कार्यालय नहीं पहुंची हैं। कनिष्ठ सहायक रवींद्र 20 जून से और उमेश वर्मा 24 जून से अनुपस्थित चल रहे हैं। खाद्य विपणन अधिकारी विकास तिवारी भी कार्यालय से नदारद मिले। सीडीओ ने चेतावनी दी है कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।