रमाला। छपरौली के भाजपा विधायक सहेंद्र सिंह रमाला ने मिल अधिकारियों को निर्देश दिए कि 25 अक्तूबर तक नया पेराई सत्र शुरू करें। नये पेराई सत्र में किसानों को कोई मुश्किल नहीं होनी चाहिए। मिल के नियमित संचालन का प्रबंध किया जाए। किसानों को समय पर इंडेंट दिए जाए और प्रबंधक क्षेत्रीय युवाओं को ही मिल में रोजगार दें ।
रमाला सहकारी चीनी मिल का पेराई सत्र शुरू कराने के लिए सोमवार को विधायक सहेंद्र सिंह रमाला ने अपने आवास पर मिल अधिकारियों और उत्तम ग्रुप के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें विधायक ने कहा कि गन्ना पेराई सत्र में किसानों को कोई भी परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने 25 अक्तूबर तक मिल चलाने के निर्देश दिए, ताकि समय से गेहूं की फसल की बुआई हो सकें। कहा कि टर्बाइन की हालत ठीक नहीं है। पिछले वर्ष 27 मेगावाट की क्षमता की टर्बाइन ने 20 मेघावाट बिजली बनाई थी। उन्होंने इस सत्र में टर्बाइन पूरी क्षमता के साथ चलाने के निर्देश दिए, ताकि किसानों का भुगतान समय से हो सकें। उन्होंने कहा बार-बार पूछे जाने के बाद भी 328 करोड़ का हिसाब नहीं दिया जाना उत्तम ग्रुप की मंशा पर सवाल खड़ा कर रहा है।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बाहरी लोगों को मिल में कार्य देने के बजाए क्षेत्र के कुशल कर्मचारी रखें जाए, ताकि क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें। मिल के प्रधान प्रबंधक आर. बी. राम ने कहा कि पेराई सत्र में किसानों को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। एक नवंबर में मिल चालू कर दी जाएगी। उधर, उत्तम ग्रुप के साइट इंचार्ज ने कहा मिल की टर्बाइन और चीनी मिल पूर्ण क्षमता से चलाई जाएगी।