बड़ौत। जनता वैदिक औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में रीबैक परीक्षा कराए जाने की मांग को लेकर छात्रों ने सोमवार को हंगामा किया। छात्रों ने प्रदर्शन कर आरोप लगाया कि उन्हें बैक परीक्षा में पास कराने के नाम पर रुपये वसूले गए परंतु उन्हें फिर से फेल कर दिया गया।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने बताया कि सत्र 2017-19 में करीब 80 छात्र पंजीकृत हुए थे। आरोप है कि उनसे बैक परीक्षा में पास कराने के नाम पर दो-दो हजार रुपए वसूले गए। इसके बावजूद उन्हें बैक परीक्षा में फेल कर दिया गया। प्रधानाचार्य से बार-बार आग्रह के बावजूद रीबैक परीक्षा नहीं कराई जा रही है। उधर, प्रधानाचार्य ऋषिपाल ने रुपये लेने के आरोप को गलत बताते हुए छात्रों को समस्या के समाधान के लिए जुलाई के अंत तक का समय दिया है। वहीं, छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी सुनवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। प्रदर्शनकारियों में अमित कुुमार, शुभम दांगी, कपिल कुमार, बिट्टू, अभिनव, मनप्रीत, मोहित तोमर, नीटू कुमार, सतीश राणा, पवन आदि शामिल रहे। संवाद