बागपत। आरटीई (शिक्षा का अधिकारी अधिनियम) के अंतर्गत निजी विद्यालयों में प्रवेश के लिए दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अभिभावक बच्चों का स्कूलों में प्रवेश कराने के लिए 30 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं। विभाग की ओर से आवेदन का सत्यापन करने के बाद 17 अप्रैल तक बच्चों का स्कूलों में नामांकन कराया जाएगा।
आरटीई के अंतर्गत निजी स्कूलों में 25 प्रतिशत सीटों पर गरीब बच्चों का प्रवेश कराया जाता है। पहले चरण में जिले में 20 जनवरी से 18 फरवरी तक आवेदन लिए गए थे। आवेदनों का सत्यापन कराने के लिए बाद 26 फरवरी को लाटरी निकाली गई थी। जिले में पहले चरण में 225 बच्चों का छह मार्च तक निजी विद्यालयों में प्रवेश कराया जाएगा। अब दूसरे चरण के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरु हुई है जो 30 मार्च तक चलेगी।
सात अप्रैल तक आवेदन का सत्यापन करने के बाद 17 अप्रैल तक बच्चों का विद्यालयों में नामांकन कराया जाएगा। तीसरे चरण में 15 अप्रैल से आठ मई तक आवेदन और 23 मई तक बच्चों का विद्यालयों में प्रवेश कराया जाएगा। चौथे चरण में एक जून से 20 जून तक आवेदन प्रक्रिया चलेगी। 27 जून तक आवेदनों का सत्यापन और 28 जून को लाटरी के बाद सात जुलाई तक बच्चों का स्कूलों में नामांकन कराया जाएगा।
- वर्जन- आरटीई के अंतर्गत दूसरे चरण में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरु हो गई है। अभिभावक 30 मार्च तक आवेदन कर सकते है। पहले चरण में छह मार्च तक बच्चों का निजी विद्यालयों में प्रवेश कराया जाएगा। - आकांक्षा रावत, बीएसए