बागपत। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने कोतवाली में पहुंचकर आरोप लगाया दो शिक्षकों ने बैंक के एक अफसर से सेटिंग कर संघ के खाते से धोखाधड़ी से 1.20 लाख रुपये निकाल लिए हैं। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी।
संघ के जिला मंत्री राज कुमार शर्मा ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया वे सूरजपुर महनवा गांव के प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक हैं। उनके अलावा संघ में राकेश यादव जिलाध्यक्ष, पवन कुमार कोषाध्यक्ष के पद पर है और 19 अन्य सदस्य जिला कार्य समिति में है। शिक्षक संघ का एक खाता शहर के एक बैंक में है। इसका संचालन जिला मंत्री और कोषाध्यक्ष पवन कुमार के संयुक्त रूप से होता है। संघ के बैंक खाते में 1,29,669.49 रुपये थे। उन्होंने 27 अक्तूबर को खाते की एंट्री कराई तो खाते से 1.20 लाख रुपये गायब मिले।
जानकारी की तो पता चला दो शिक्षकों ने फर्जी तरीके से उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ का लेटर पैड बनाकर बैंक के एक अफसर से मिलकर धोखाधड़ी से रुपये निकाले। छह सितंबर को 70 हजार और 21 सितंबर को 50 हजार रुपये निकले है। जो पूरी तरह से गलत है। पुलिस से आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। इस मौके पर राकेश यादव, प्रदीप शर्मा, जय कुमार, अरुण, विकास मलिक, राकेश यादव, हरपाल, वेदप्रकाश, रूपेश, कृष्णपाल, अयूब, जितेंद्र, जयवीर, अनिल, मनोज, पवन आदि रहे। कोतवाली एसएसआई हेमेंद्र बालियान ने कहा मामले की जांच कर कार्रवाई होगी।
शिक्षकों द्वारा किए कार्य की निंदा की
बागपत। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ और उच्च प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों की शहर के बीआरसी पर बैठक हुई। इसमें वक्ताओं आरोपी शिक्षकों द्वारा धोखाधड़ी से रुपये निकलने के कार्य की निंदा की। सभी पदाधिकारियों की सहमति पर आरोपी शिक्षकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का निर्णय लिया।