बागपत में स्वास्थ्य अधिकारियों की बैठक लेते सीएमओ डॉ. दिनेश कुमार
- फोटो : BAGHPAT
बागपत। कांवड़ यात्रा को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने रूट चार्ट तैयार कर लिया है। कांवड़ियों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ देने के लिए कांवड़ मार्ग पर 15 बाइक एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा मार्ग पर पड़ने वाले सभी सब सेंटर और अस्पताल में स्टॉफ तैनात रहेगा। बुधवार को सीएमओ डॉ. दिनेश कुमार ने सभी सीएचसी अधीक्षकों के साथ कांवड़ यात्रा को लेकर बैठक कर तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सभी अस्पताल व सब सेंटर पर 24 घंटे चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहेंगे। कांवड़ यात्रा में पड़ने वाली सभी सब सेंटर, पीएचसी व सीएचसी पर दवाइयों की उपलब्धता करने के अलावा अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। कांवड़ मार्ग पर स्वास्थ्य विभाग की 15 बाइक एंबुलेंस चलेगी, जो हरिद्वार से आने वाले कांवड़ियों को दवाई उपलब्ध कराने के अलावा अस्पताल तक लाने का कार्य करेंगी।
कांवड़ यात्रा को स्वास्थ्यकर्मियों को उपचार संबंधी प्रशिक्षण दे दिया गया है। उन्होंने हरियाणा और पंजाब जाने वाले कांवड़ियों के लिए गौरीपुर से कान्हड़ तक की सभी पीएचसी, सीएचसी और सब सेंटरों पर पर्याप्त मात्रा में दवाई की उपलब्धता कराने के निर्देश दिए। बैठक में एसीएमओ डॉ. भुजवीर सिंह, डॉ. दीपा सिंह, डॉ. गजेंद्र सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ. यशवीर सिंह, सीएचसी अधीक्षक डॉ. विभाष राजपूत, डॉ. विजय, डॉ. सुधीर, डॉ. दिनेश बंसल मौजूद रहे।