लाइट एंड साउंड शो से जगमगाया जैन मंदिर
खेकड़ा (बागपत)। खेकड़ा क्षेत्र के बड़ागांव स्थित त्रिलोक तीर्थ धाम जैन मंदिर में 5.37 करोड़ के लाइट एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के भव्य साउंड कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। हजारों श्रद्धालुओं और आम लोगों ने इसमें भाग लिया।
बड़ागांव स्थित विश्व प्रसिद्ध त्रिलोक तीर्थ धाम जैन मंदिर को बडे़ ही मनमोहक ढंग से सजाया गया है। महेन्द्र जैन ने त्रिलोक तीर्थ धाम जैन मंदिर का परिचय दिया। लाइट एवं साउंड शो का शुभारंभ मुख्य अतिथि केन्द्रीय कृषि एवं ग्राम्य विकास एवं पंचायती राज मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने किया। उन्होंने कहा कि त्रिलोक तीर्थ धाम पहुंचकर अलौकिक अनुभव प्राप्त हो रहा है। देव लोक में बैठे आचार्य सन्मति सागर जी महाराज द्वारा लगाया गया पौधा आज वट वृक्ष के रूप में खड़ा दिखाई दे रहा है। पूरी धरती पर सभी धर्म के लोग जैन धर्म से अहिंसा और शाकाहार की प्रेरणा लेते हैं। जैन संत ज्ञान सागर जी महाराज और आचार्य सन्मति सागर जी महाराज का जन्म उनके प्रदेश मध्य प्रदेश की पावन धरा में ही हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद डा. सत्यपाल सिंह ने की। इस दौरान प्रदेश के पर्यटन मंत्री नीलकंठ तिवारी, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष दयाशंकर, टीसीआईएल के सीएमडी राजीव गुप्ता, एएसपी बागपत अनिल शिशोदिया, टीसीआईएल के ईडी अतुल जैन, मेरठ मंडल की पर्यटन अधिकारी अंजू चौधरी, उपजिलाधिकारी राजपाल सिंह, दिनेश जैन, श्यामलाल जैन, त्रिलोक चंद जैन, संजीव जैन आदि मौजूद रहे।
ये भी रहे मौजूद
राजेन्द्र प्रसाद, प्रवीण कुमार, प्रदीप ठाकुर, पूर्व विधायक साहब सिंह, कृष्णपाल सिंह, जितेन्द्र कुमार, पुष्पेंद्र डौला, गजराज गंगवाल, त्रिलोकचंद जैन, केसी जैन, इंद्रेश, प्रेमचंद, रमेश, अशोक, प्रवेन्द्र कुमार, देवेन्द्र प्रमुख, सुभाष कुमार आदि।
देशभर में कार्य कर रही टीसीआईएल
जैन मंदिर में लाइट एंड साउंड शो को स्थापित करने वाली कंपनी टेली कम्युनिकेशन्स कंसलटेंट्स इंडिया लिमिटेड, दूरसंचार विभाग, संचार मंत्रालय, भारत सरकार का उपक्रम है। यह 1978 से कार्यरत है। यह एक प्रमुख दूरसंचार परामर्शी और इंजीनियरिंग कंपनी है। टीसीआईएल का सिविल प्रभाग भारत के अतिरिक्त विदेशों में कार्य कर रहा है। वर्तमान में भारत के 20 से अधिक राज्यों में कार्य चल रहे हैं। कंपनी के एमडी राजीव गुप्ता ने बताया कि कंपनी ने मेघालय सरकार के लिए 500 बेड वाले अस्पताल और 100 सीटों वाले मेडिकल कॉलेज का निर्माण, गुड़गांव में ग्रामीण विद्युतीकरण निगम लिमिटेड के विश्व मुख्यालय भवन का निर्माण एवं विकास, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली में जवाहर नवोदय विद्यालय का निर्माण कार्य किया है।