बागपत शहर के टेलीफोन एक्सचेंज रोड पर साप्ताहिक पैठ में शुक्रवार दोपहर रस्सी से ऑटो टकराने पर बवाल हो गया। सामान बेचने वालों के हमले में ऑटो चालक व उसके पिता समेत तीन लोग घायल हो गए। इससे वहां पर काफी हंगामा हुआ।
शहर के सालिगराम मंदिर के पास रहने वाले ओमप्रकाश का कहना है कि उसका बेटा कुलदीप उर्फ टोनी अपना ऑटो चलाता है। शुक्रवार दोपहर कुलदीप ऑटो को शहर के राष्ट्रवंदना चौक से लेकर घर लौट रहा था। टेलीफोन एक्सचेंज के पास शुक्रवार को लगने वाली साप्ताहिक पैठ में रस्सी से ऑटो टकरा गया। इस पर सामान बेचने वाले युवक ने कुलदीप के साथ गाली-गलौच कर दी।
विरोध करने पर अन्य सामान विक्रेताओं ने मिलकर उस पर हमला कर दिया। पता चलते ही वह और पड़ोस का युवक रविंद्र वहां पर पहुंचे। कुलदीप को बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। इससे वे तीनों घायल हो गए। मौके पर हंगामा हो गया। लोगों ने उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया। पीड़ितों ने कोतवाली पर घटना की शिकायत की है। कोतवाली प्रभारी रनवीर सिंह यादव का कहना है कि पैठ बाजार में मामूली झगड़ा हुआ है। मारपीट करने के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
rबली में प्रॉपर्टी डीलर पर हमला ः बागपत। बाघू गांव के प्रॉपर्टी डीलर सुनील कुमार ने कोतवाली में दिए शिकायत पत्र में बताया कि वह रुपये के लेनदेन को लेकर 10 अप्रैल को अपने साथी सतेंद्र और सुमेश के साथ बली गांव में एक युवक के घर पर पहुंचा। आरोप है कि युवक ने रुपये देने से इंकार कर दिया। विरोध करने पर आरोपी ने अपने परिजनों के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया। उसने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।