यूपी बोर्ड परीक्षा
हर विद्यालय से ऐसे शिक्षकों व शिक्षणेतर कर्मचारियों की सूची मांगी गई
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने यूपी बोर्ड परीक्षा 2022 को नकलविहीन कराने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में दागी छवि वाले शिक्षकों और शिक्षणेतर कर्मचारियों को कक्ष निरीक्षक की जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी। इसके लिए हर विद्यालय से ऐसे शिक्षकों व शिक्षणेतर कर्मचारियों की सूची मांगी गई है। विभाग ने इसकी सूची बनानी शुरू कर दी है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से हर बार बोर्ड परीक्षाओं में कई केंद्रों पर ऑनलाइन नजर रखते हुए कक्ष निरीक्षकों को नकलविहीन परीक्षा कराने के निर्देश दिए जाते है। मगर, अधिकांश शिक्षकों और शिक्षणेतर कर्मचारियों की ओर से इन निर्देशों का अनुपालन नहीं किया जाता। ऐसे में विभाग की छवि धूमिल होती है।
जनता वैदिक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. यशपाल शास्त्री ने बताया कि इस बार बोर्ड के निर्देश हैं कि ऐसे शिक्षक और शिक्षणेतर कर्मचारी, जो परीक्षा की पारदर्शिता को बरकरार रखने में खरे नहीं उतरे हैं, उनकी ड्यूटी नहीं लगाई जाएं। ऐसे स्कूल जिन्हें डिबार किया गया था, वहां के शिक्षकों की ड्यूटी भी नहीं लगाई जानी है। इसके लिए सभी विद्यालयों से ऐसे शिक्षकों और शिक्षणेतर कर्मचारियों की सूची मांगी जा रही है। बोर्ड का जैसा निर्देश होगा उसी हिसाब से कार्य किया जाएगा।