अमीनगर सराय में कस्बा के सराफ अंकित वर्मा के मकान में हुई डकैती की घटना का खुलासा न होने के विरोध में शुक्रवार (आज) से बाजार अनिश्चितकालीन बंद रहेगा। व्यापारियों ने बैठक कर निर्णय लिया।
सराफ अंकित वर्मा के मकान में बदमाशों ने 14 नवंबर को तड़के लाखों रुपये की डकैती की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस अफसरों ने जल्द ही केस का खुलासा करने का आश्वासन दिया था। इसको लेकर व्यापारियों की जैन स्थानक में बृहस्पतिवार शाम बैठक हुई। व्यापारियों ने कहा कि पुलिस हवा में तीर चला रही है। पुलिस अफसरों का एक ही जवाब होता है कि जल्द ही केस का खुलासा कर दिया जाएगा। पुलिस की कार्रवाई आश्वासन तक सिमट कर रह गई है। केस का खुलासा न होने के विरोध में शुक्रवार (आज) से अनिश्चित कालीन बाजार बंद रहेगा। उधर एसपी अजय शंकर राय का कहना है कि केस के खुलासा का पुलिस प्रयास कर रही है। जल्द ही कामयाबी मिल जाएगी। इस मौके पर व्यापारी नेता राकेश बंसल, इंद्रपाल वर्मा, पवन गोयल, ईश्वर अग्रवाल, गौरी शंकर, संजय जैन, राहुल, श्रीपाल वर्मा, मोहित मित्तल मौजूद रहे।