रोडवेज बस डौला के पास खाई में गिरी, छह घायल
अमीनगर सराय (बागपत)। मेरठ-बागपत मार्ग पर डौला गांव के पास बाइक सवार को बचाने के टक्कर मेें भैंसाली डिपो की रोडवेज बस खाई में गिर गई। हादसे में छह लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद बस का चालक और परिचालक भाग निकले। बस में 25 यात्री सवार थे। यात्री दूसरी बस में सवार होकर चले गए।
सोमवार को दोपहर के समय 12 बजे के लगभग भैंसाली डिपो की रोडवेज बागपत से यात्री लेकर मेरठ जा रही है। बस में 25 यात्री सवार थे। जब बस मेरठ-बागपत मार्ग पर डौला गांव से आगे निकली तो बाइक सवार युवक बस को ओवर टेक करने लगा। इसी समय बस से बाइक टकरा गई। चालक ने पावर ब्रेक लगाए तो रोडवेज बस खाई में गिर गई। बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। हादसे में बाइक सवार आदिल और उसका चाचा इकबाल निवासी डौला घायल हो गए। वहीं बस में सवार विकास, दिनेश, विक्रम, सुमन घायल हो गए। दुर्घटना स्थल पर लोगों की भीड़ लग गई। बस का चालक और परिचालक भाग निकले। लोगों ने बस के अंदर से यात्रियों को निकाला। यात्री दूसरी बस में सवार होकर चले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक और बस को कब्जे मेें ले लिया। अभी तक किसी ने तहरीर नहीं दी। सिंघावली अहीर थानाध्यक्ष उमेश कुमार पांडेय ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई होगी।