उपचुनाव के लिए पहले दिन ब्रिकी हुए मात्र 22 नामांकन पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए उपचुनाव को लेकर ब्लॉक मुख्यालयों पर बृहस्पतिवार से नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हो गई। पहले दिन आरओ, एआरओ गायब रहे। इस कारण नामांकन पत्र लेने आए प्रत्याशियों को ब्लाक मुख्यालय पर तैनात सफाई कर्मचारियों ने ही नामांकन पत्र दिए।
बड़ौत ब्लाक की नौ न्याय पंचायत के अंतर्गत 44 ग्राम पंचायतें आती है। इनमें कुल 622 ग्राम पंचायत सदस्य है, लेकिन चुनाव के दौरान 167 पद रिक्त रह गए है। अब उन पर उपचुनाव होना है। हालांकि ग्राम पंचायत सदस्य के पद के नामांकन प्रपत्रों को खरीदने के लिए लोगों उत्साह कम है। जिन ग्राम पंचायतों में ग्राम पंचायत का कोरम पूरा नहीं हो सका है, उन्हीं ग्राम पंचायतों में ग्राम पंचायत सदस्यों के लिए आवेदन प्रक्रिया तेजी से पूरी करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए बृहस्पतिवार से नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हो गई। पहले ही दिन आरओ और एआरओ गायब रहे और सफाई कर्मचारियों को ही नामांकन पत्र बांटने पड़े। इस संबंध में एडीओ पंचायत सुधीर तोमर ने बताया कि पहले दिन 22 नामांकन पत्रों की ब्रिकी हुई।