बागपत। जिला पंचायत चुनाव अध्यक्ष चुनाव में एक बार फिर रालोद का दबदबा कायम रहा। रालोद प्रत्याशी ममता देवी ने भाजपा की बबली देवी को पांच वोट से शिकस्त देकर जिला पंचायत अध्यक्ष पद की कुर्सी पर कब्जा किया। ममता देवी को कुल 20 वोट में से 12 वोट मिली। बबली देवी के पक्ष में महज सात सदस्यों ने मतदान किया। एक वोट निरस्त हो गई। रालोद प्रत्याशी की जीत पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। पुलिस को कलक्ट्रेट के सामने से भीड़ हटाने को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर घंटों तक जाम लगा रहा।
प्रशासन ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव के मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हुए थे। कलक्ट्रेट परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया था। 11 बजे से तीन बजे तक मतदान का समय था। रालोद की अध्यक्ष पद की प्रत्याशी ममता देवी अन्य सदस्यों के साथ सुबह करीब साढ़े दस बजे ही कलक्ट्रेट पहुंच गई। मतदान के लिए उन्हें इंतजार करना पड़ा। इसके बाद रालोद व सपा के सदस्यों का आना लगातार जारी रहा। भाजपा प्रत्याशी बबली देवी अपने पक्ष के सदस्यों के साथ करीब 12 बजे कलक्ट्रेट पहुंची। करीब ढाई बजे तक सभी 20 सदस्य मतदान कर चुके थे। मतदान के दौरान बड़ी संख्या में रालोद और सपा नेता कलक्ट्रेट के बाहर एकत्र थे। उन्हें हटाने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। तीन बजे मतगणना प्रारंभ हुई तो रालोद व सपा नेताओं ने जमकर हंगामा किया। नारेबाजी के साथ आतिशबाजी भी की गई। कप्तान अभिषेक सिंह को खुद आगे आकर भीड़ वहां से हटवानी पड़ी। करीब आधा घंटे में ही रिजल्ट आ गया। रालोद की ममता देवी को विजयी घोषित कर दी गई। इसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। विजय जुलूस के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष बनीं ममता देवी और उनके पति जयकिशोर को कार्यकर्ता पहले कलक्ट्रेट से गौरीपुर मोड़ लेकर पहुंचे। वहां से उन्हें जिला पंचायत कार्यालय ले जाया गया। उन्होंने चुनाव में जीत पर सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं का आभार व्यक्त किया।
- यह जीत बागपत की जनता की जीत है। लोकतंत्र की जीत है। मुझे हराने के लिए काफी षडयंत्र रचे गए। जनता का जबरदस्त समर्थन और सहयोग प्राप्त हुआ है। जिलेभर में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए जाएंगे। - ममता देवी, जिला पंचायत अध्यक्ष।
आंदोलन की वजह से हम चुनाव हारे हैं। निर्दलीय सदस्यों ने हमें आश्वासन दिया था, लेकिन वोट नहीं दी। हमने कोई जोड़तोड़ की राजनीति नहीं की। चुनाव में पार्टी का हमें पूरा सहयोग मिला है। - बबली देवी, भाजपा प्रत्याशी।